टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की कप्तानी करते हैं। 12 सीजन गुजरने के बाद भी उनकी टीम एक बार भी टूर्नामेंट नहीं जीत पाई है। चार मैच में तीन जीत और एक हार के साथ आरसीबी फिलहाल अंकतालिका में तीसरे क्रम पर है। आज शाम होने वाले मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स को हराकर विराट सेना अंकतालिका में नंबर एक पायदान पर आना चाहेगी।
पिछले मैच में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ नाबाद 72 रन की पारी खेलकर खुद विराट ने अपने फॉर्म में लौटने के संकेत दिए थे। अबुधाबी के मैदान में उनके बल्ले से सीजन की पहली फिफ्टी निकली थी, इसके पहले वह 3, 1 और 14 रन ही बना पाए थे। आज के मैच में भी टीम उनसे बड़े प्रदर्शन की उम्मीद कर रही है, इसके साथ-साथ खुद कोहली का बल्ला एक बड़े रिकॉर्ड का इंतजार कर रहा होगा।
फैंस के बीच 'सुपर वी' के नाम से विख्यात किंग कोहली अगर आज 10 रन बना लेते हैं तो वह टी-20 क्रिकेट में 9 हजार रन बनाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगे। 270 पारियों में कोहली के नाम टी-20 क्रिकेट में 41.05 की औसत से 8990 रन दर्ज हैं। 134.25 की स्ट्राइक रेट से रन पीटने वाले इस खिलाड़ी के नाम पांच शतक और नौ अर्धशतक भी दर्ज हैं।
4 of 5
विराट कोहली
- फोटो : ट्विटर @RCBTweets
इतना ही नहीं विराट कोहली आईपीएल के भी सर्वाधिक रन स्कोरर हैं। 181 मैच में उनके बल्ले से 5502 रन निकल चुके हैं। इसके अलावा कोहली अगर आठ छक्के और लगा देते हैं तो वह आईपीएल में 200 सिक्सर उड़ाने वाले चौथे भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगे। महेंद्र सिंह धोनी, सुरेश रैना और रोहित शर्मा इससे पहले यह कारनामा कर चुके हैं।
टी-20 क्रिकेट में सर्वाधिक रन स्कोरर
- क्रिस गेल- 404 मैच 13296 रन
- कीरोन पोलार्ड- 517 मैच, 10370 रन
- शोएब मलिक- 392 मैच, 9926 रन
- ब्रैंडन मैकुलम- 370 मैच, 9922 रन
- डेविड वार्नर- 287 मैच, 9451 रन