राजस्थान रॉयल्स की टीम आईपीएल के 13वें सीजन का अपना पहला मैच जीत चुकी है। रविवार को उसे पंजाब के साथ अपना दूसरा मैच खेलना है। लेकिन उससे पहले टीम को एक राहत भरी खबर मिली है। कोरोना और पृथकवास नियमों के कारण पहले मैच से दूर रहने वाले टीम के स्टार बल्लेबाज जोस बटलर अब टीम से जुड़ने को तैयार हैं। इंग्लैंड के इस विकेटकीपर बल्लेबाज की वापसी से रॉयल्स को मजबूती मिलेगी। वहीं टीम की बल्लेबाजी भी मजबूत होगी।
बटलर भी इस सीजन का अपना पहला मैच खेलने के लिए उत्साहित हैं। बटलर ने मैच से पहले शनिवार को कहा, ‘मैं अपना पहला मैच खेलने को लेकर उत्साहित हूं, खिलाड़ियों के साथ अभ्यास करना अच्छा रहा। टीम के साथ एक सकारात्मक ऊर्जा है इसलिए मैं वास्तव में मैदान में उतरने के लिए उत्सुक हूं।’
उन्होंने शारजाह मैदान में नेट सत्र के बाद कहा, ‘टीम की चारों ओर की ऊर्जा शानदार है। जाहिर है कि पहले मैच के बाद आत्मविश्वास काफी बढ़ा है। अभ्यास शानदार रहा और हम एक दूसरे के साथ का लुत्फ उठा रहे है। किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ एक बहुत प्रतिस्पर्धी मैच की उम्मीद है।’
पंजाब के कप्तान लोकेश राहुल ने रॉयल चैलेंजर बैंगलोर के खिलाफ नाबाद 132 रन की शानदार पारी खेली जो राजस्थान के लिए चिंता का सबब होगा। इस 28 साल के बल्लेबाज को सहजता से बड़े शॉट खेलने के लिए जाना जाता है और यहां मैदान की सीमा रेखा और छोटी है।
विकेटकीपर बल्लेबाज बटलर ने कहा, ‘लोकेश राहुल ने आरसीबी के खिलाफ असाधारण पारी खेली। हमेशा की तरह इस बार भी उनका विकेट काफी अहम होगा। मुझे लगता है कि छोटे मैदान और ओस के कारण हम बड़े स्कोर वाला एक और मैच देखेंगे।’
4 of 4
संजू सैमसन
- फोटो : social media
गौरतलब है कि बटलर की गैरमौजूदगी में राजस्थान रॉयल्स ने चेन्नई के खिलाफ पहले मैच में यशस्वी जायसवाल और स्टीव स्मिथ से ओपनिंग बल्लेबाजी कराई थी। लेकिन बटलर की वापसी से स्मिथ मध्यक्रम में मजबूती देते दिख सकते हैं। वैसे स्मिथ और सैमसन ने पहले मैच में जोरदार पारी खेली थी।