घरेलू हिंसा का सामना, 'यो यो' टेस्ट में फेल और कुछ निजी मुद्दों में फंसे रहने के बावजूद टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने खुद को साबित किया है। 28 साल के इस होनहार खिलाड़ी की रफ्तार इस कदर प्रतिद्वंद्वियों पर हावी रही कि कप्तान कोहली भी उनकी तारीफ किए बिना रह नहीं पाए।
दरअसल, बुधवार को नेपियर में खेले गए पहले वन-डे में टीम इंडिया ने ऑलराउंड प्रदर्शन की बदौलत न्यूजीलैंड को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी। इस एकतरफे मुकाबले में पहले टीम इंडिया के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया, फिर बल्लेबाजों ने बड़ी जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
नेपियर वन-डे में 28 वर्षीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को शानदार गेंदबाजी के लिए मैन ऑफ मैच चुना गया। शमी ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन ओवर में 19 रन देकर तीन महत्वपूर्ण विकेट झटके। उन्होंने इस दौरान कॉलिन मुनरो (8), मार्टिन गप्टिल (5) और सैंटनर (14) को अपना शिकार बनाया। इस तीन विकेट के साथ ही वह 100 वन-डे विकेट झटकने वाले सबसे तेज भारतीय गेंदबाज बन गए। शमी ने इन सब को पीछे छोड़ते हुए अपने 56वें मैच में 100 विकेट झटके।
मोहम्मद शमी की शानदार गेंदबाजी की टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने भी जमकर तारीफ की। मैच के बाद विराट ने शमी की तारीफों के पुल बांधते हुए कहा कि चोटों से जूझने वाला यह गेंदबाज इस समय फिटनेस के मामले में सर्वश्रेष्ठ स्तर पर है।
याद हो कि चोटों के अलावा 28 साल के इस गेंदबाज को पिछले साल अपनी पत्नी के घरेलू हिंसा के आरोपों का भी सामना करना पड़ा था। वह पिछले साल जून में अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट से पहले 'यो यो' फिटनेस परीक्षण में विफल हो गए थे। इसके अलावा हाल ही में शमी की वापसी की शुरुआत आस्ट्रेलिया से हुई, जिसमें उन्होंने टेस्ट सीरीज के दौरान 16 विकेट चटकाए थे।