इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन का मानना है कि बाएं हाथ के स्पिनर लियाम डॉसन को टीम में शामिल करने से मेजबान टीम को मजबूती मिली है, क्योंकि वह ऑलराउंडर हैं और टीम को आवश्यक संतुलन प्रदान करते हैं। वहीं, भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने मोहम्मद शमी को लंदन के द ओवल में 31 जुलाई से खेले जाने वाले पांचवें टेस्ट के लिए टीम में शामिल करने की मांग की है।
2 of 3
डॉसन, बटलर और जेसन रॉय
- फोटो : ANI
शोएब बशीर की चोट के कारण आठ साल के अंतराल के बाद प्लेइंग-11 में शामिल किए गए 35 वर्षीय डॉसन ने भारत के खिलाफ चौथे टेस्ट मैच के पहले दिन शानदार फॉर्म में चल रहे यशस्वी जायसवाल को अपनी सातवीं गेंद पर ही आउट करके अपना प्रभाव छोड़ा। वॉन ने 'टेस्ट मैच स्पेशल' पॉडकास्ट में कहा, 'वह ऐसे क्रिकेटर हैं जिनसे कप्तान अच्छी गेंदबाजी, अच्छी बल्लेबाजी और अच्छी फील्डिंग की उम्मीद कर सकता है। वह संपूर्ण पैकेज हैं जिनके टीम में रहने से इंग्लैंड को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज में भी मजबूती मिलेगी।' डॉसन ने इससे पहले अपना आखिरी टेस्ट मैच 2017 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेला था। उन्होंने काउंटी क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन करके इंग्लैंड की टीम में वापसी की।
वहीं, गांगुली ने कहा, 'भारत बनाम इंग्लैंड चौथा टेस्ट अभी शुरू ही हुआ है। भारत 264/4 पर खेल रहा है। अगर भारत 400 रन बना लेता है, तो वह मैच जीतने की अच्छी स्थिति में होगा।' दादा ने कहा, 'मोहम्मद शमी चोटिल हैं, लेकिन अगर वह फिट हैं, तो उन्हें ओवल में होने वाले अगले टेस्ट मैच में मौका दिया जाना चाहिए।' गांगुली ने पंत को लेकर भी बातचीत की। उन्होंने कहा कि अगर पंत को फ्रैक्चर नहीं है, तो सब ठीक होना चाहिए।' हालांकि, पंत पैर की अंगुली टूटने की वजह से सीरीज से बाहर हो गए हैं। पांचवां टेस्ट 31 जुलाई से लंदन के द ओवल में खेला जाएगा। इंग्लैंड की टीम फिलहाल सीरीज में 2-1 से आगे है।