टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और बंगाल क्रिकेट संघ के अध्यक्ष (कैब) सौरव गांगुली के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने की खबरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही थी। दरअसल, फेसबुक पर एक पेज (पश्चिम बंगे बीजेपी चाइ) यानी 'हम बंगाल में भाजपा को चाहते हैं' वायरल हो रहा था, जिसमें दावा किया जा रहा है कि गांगुली भाजपा में शामिल होने जा रहे हैं। हालांकि यह महज अफवाह ही साबित हुई अब इसके कुछ दिन बाद ही हरभजन सिंह के बारे में भी ऐसी खबर सामने आ रही है।
दरअसल, 'टर्बनेटर' हरभजन सिंह ने पॉलिटिक्स में एंट्री के सवाल पर बयान देते हुए बड़ी बात कही। हरभजन सिंह भी नवजोत सिद्धू की राह पर चलते हुए राजनीति में आना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि मैं पंजाब के लोगों के लिए कुछ करना चाहता हूं। अगर कोई पार्टी मुझे ऑफर करती हैं तो राजनीति में जरूर आऊंगा और प्रदेश के विकास के लिए काम करना चाहूंगा।
हरभजन सिंह ने कहा कि राजनीति एक बेहतरीन प्लेटफॉर्म है। लोकतंत्र का अभिन्न अंग है। इसमें समाजसेवा करने की इच्छा रखने वाले लोगों के आने से सुधार होगा व लोगों की अपेक्षाएं भी पूरी होंगी। फिलहाल उन्हें सियासत में आने को लेकर किसी पार्टी की ओर से खास ऑफर नहीं मिला है। लिहाजा, ऑफर आने के बाद वह इसके लिए जरूर विचार करेंगे।
हरभजन सिंह ने एक और इच्छा जाहिर कि है कि उनकी जिंदगी पर जब भी कोई बायोपिक बने तो उसमें उनका किरदार रणवीर सिंह और उनकी पत्नी गीता का किरदार दीपिका पादुकोण निभाएं। उनकी बॉयोपिक में बॉलीवुड एक्टर रणवीर सिंह उनके जीवन के साथ फिल्म में न्याय कर सकते हैं और वहीं गीता बसरा के किरदार को दीपिका पादुकोण ही साकार कर सकती हैं।
बता दें कि हाल ही में संपन्न हुए आईपीएल के 11वें सीजन में हरभजन चेन्नई सुपरकिंग्स की ओर से खेलते दिखे थे। लंबे समय से टीम इंडिया से बाहर चल रहा यह खिलाड़ी पूरे टूर्नामेंट में कोई खास प्रदर्शन नहीं कर पाया। 13 मैच में महज भज्जी केवल 7 विकेट ही चटका पाए, यहां तक की फाइनल मुकाबले में उन्हें प्लेइंग इलेवन में भी जगह नहीं मिली थी।