आईपीएल सीजन-11 में किंग्स इलेवन पंजाब के लिए शानदार बल्लेबाजी करने के बाद क्रिस गेल ने इंडियन स्टाइल में एक इंटरव्यू दिया। इस इंटरव्यू में 'यूनिवर्स बॉस' क्रिस गेल से कई मुद्दों पर सवाल पूछे गए, जिनके जवाब उन्होंने शानदार ढंग से दिए।
इस इंटरव्यू में गेल से इयान चैपल के बारे में भी एक सवाल पूछा गया था। इस पर गेल का जवाब क्रिकेट फैंस के दिलों दिमाग से शायद ही कभी मिट पाए। दरअसल इंटरव्यू में गेल से पूछा गया था, 'इयान चैपल चाहते थे कि आपको पूरी दुनिया में बैन किया जाए।' इस पर गेल ने पलटकर सवाल पूछा, 'कौन इयान चैपल'
गौरतलब है कि साल 2016 में बिग बैश लीग के दौरान महिला एंकर से फ्लर्ट करने के मामले में क्रिस गेल सुर्खियों में आ गए थे। इसके बाद पूर्व ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर इयान चैपल ने कहा था कि क्रिस गेल की इन हरकतों के आधार पर उन्हें पूरी दुनिया में बैन कर देना चाहिए।
इस घटना के करीब दो साल बीत जाने के बाद कैरीबियाई बल्लेबाज क्रिस गेल ने इयान चैपल को जवाब दिया है। वहीं इस इंटरव्यू में गेल से और भी कई गहरे सवाल पूछे गए, जिसका जवाब उन्होंने बेहद रोचक अंदाज में दिया।
इंटरव्यू में अफगानिस्तान के स्टार स्पिन गेंदबाज राशिद के बारे में भी सवाल पूछा गया था जिसके जवाब में गेल ने कहा, 'इसमें कोई दो राय नहीं कि मौजूदा दौर में राशिद खान दुनिया के सबसे बेहतरीन स्पिन गेंदबाज हैं। मैंने क्रीज पर उनके खिलाफ कुछ मिनटों तक बल्लेबाजी की है। मुझे पहली बार में ही अंदाजा हो गया था कि राशिद अव्वल दर्जे के गेंदबाज हैं।'