भारतीय बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा को यकीन है कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार टेस्ट मैचों की आगामी शृंखला में आर अश्विन बेहतरीन प्रदर्शन करेंगे क्योंकि इस ऑफ स्पिनर ने कुछ तकनीकी बदलाव के साथ अपनी तरकश में कई नए तीर डाले हैं।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पहला टेस्ट छह दिसंबर से यहां खेला जाएगा। अश्विन ने ऑस्ट्रेलिया में छह टेस्ट में 54.71 की औसत से सिर्फ 21 विकेट लिए हैं। वहीं टेस्ट क्रिकेट में वह 25.44 की औसत से 336 विकेट ले चुके हैं।
पुजारा ने कहा,‘मैं हमेशा कहता आया हूं कि वह बेहद होशियार गेंदबाज हैं। वह बल्लेबाज को बखूबी पढ़ लेते हैं। उन्होंने तकनीक में काफी बदलाव किए हैं। मैं बता नहीं सकता कि वह क्या है, लेकिन उन्होंने जो बदलाव किए हैं, उससे उन्हें मदद मिल रही है।’
उन्होंने कहा, ‘उन्होंने कुछ काउंटी क्रिकेट भी इंग्लैंड में खेला है जहां पिचें अलग है और उन पर स्पिनरों को मदद नहीं मिलती।’ पुजारा ने कहा,‘उन्हें पता है कि ऑस्ट्रेलिया में उन्हें क्या करना है। उन्होंने 2014-15 शृंखला भी खेली थी। अब उनका आत्मविश्वास काफी बढ़ा है और उन्हें जो बदलाव करने थे, वह कर चुके हैं।’
भारतीय बल्लेबाजों पर कोई दबाव नहीं
भारतीय बल्लेबाजी और विराट कोहली पर अत्यधिक निर्भरता के बारे में उन्होंने कहा कि इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका में पराजयों के बावजूद बल्लेबाजों पर कोई दबाव नहीं है। उन्होंने कहा, ‘एक ईकाई के रूप में बल्लेबाजी करनी होगी और अतिरिक्त दबाव लेने की जरूरत नहीं है। हमारे अधिकांश बल्लेबाज अनुभवी है लिहाजा हम अपनी तैयारियों और क्षमता पर भरोसा करते हैं।’