पाकिस्तान के उभरते हुए युवा गेंदबाज हैरिस राउफ ने बुधवार को ऑस्ट्रेलिया में खेली जा रही टी-20 बिग बैस लीग में हैट्रिक लेकर तहलका मचा दिया है। इस लीग में यह एक ही दिन में दूसरी हैट्रिक है। इससे पहले आज ही अफगानिस्तान के राशिद खान ने हैट्रिक ली थी। ऑस्ट्रेलियाई टी-20 लीग में खेल रहे पाकिस्तान के तेज गेंदबाज हैरिस राउफ कुछ दिन पहले विकेट चटकाने के बाद जश्न मनाने के तरीके के कारण विवादों में घिर गए थे। उन्होंने सिडनी थंडर के खिलाफ विकेट चटकाने के बाद गला काटने का इशारा करते हुए जश्न मनाया था।
विकेट लेकर गला काटने का इशारा कर फंसा था यह पाक गेंदबाज, अब हैट्रिक से मचाया तहलका
मेलबर्न स्टार्स की ओर से खेल रहे राउफ ने सिडनी थंडर्स के खिलाफ यह कारनामा किया। मेलबर्न के मैदान पर खेले गए इस मुकाबले में हैरिस ने सिडनी थंडर्स की पारी के आखिरी ओवर में अपनी गेंद से कहर बरपा दिया। थंडर्स की टीम ने पांच विकेट पर 145 रन का स्कोर बनाया, लेकिन सभी की निगाहें 26 वर्षीय राउफ पर जमी थीं। जिन्होंने आखिरी ओवर में पहले गिलकिस को फाइन लेग पर कैच करवाया और फिर अगली गेंद फर्ग्युसन को बोल्ड किया। इसके बाद सैम्स को एलबीडब्लू कर उन्होंने अपनी हैट्रिक पूरी की। राउफ मेलबर्न स्टार्स की ओर से इस लीग में हैट्रिक लेने वाले पहले गेंदबाज हैं।
145 रन का पीछा करने उतरी मेलबर्न स्टार्स की टीम ने पांच विकेट पर 148 रन बनाकर मैच जीत लिया। उनकी ओर से मार्क स्टॉयनिस ने 44 गेंदों पर 50 रन और ग्लेन मैक्सवेल ने 37 गेंदों पर एक छक्के और आठ चौकों की मदद से 59 रन बनाए।
A day of hat-tricks at the #BBL 🤯
Haris Rauf claims the second 🎩🎩🎩 of the day! pic.twitter.com/s1tTHG8xnA
इससे पहले दिन में अफगानिस्तान के लेग स्पिनर राशिद खान ने सिडनी सिक्सर्स और एडीलेड स्ट्राइकर्स के मुकाबले में हैट्रिक ली। एडीलेड स्ट्राइकर्स के 11वें ओवर और अपने कोटे के तीसरे ओवर में राशिद खान ने दो विकेट चटकाए। पारी के 11वें ओवर की पांचवी और छठी गेंद पर विकेट लिए। वहीं, 13वें ओवर की पहली गेंद पर विकेट लेकर अपनी हैट्रिक पूरी की। राशिद ने सबसे पहले जेम्स विंस को फिर जैक एडवर्ड्स और जोर्डन सिल्क को आउट कर अपनी हैट्रिक पूरी की।