बीती ताहि बिसार आगे की सुधि ले। पुरानी कहावत है पर टीम इंडिया आज सुबह पांच बजे से मेलबर्न में शुरू हुए 'बॉक्सिंग डे टेस्ट' में इसी बड़ी प्रेरणा के साथ उतरी। टॉस गंवाकर ऑस्ट्रेलिया भले ही पहले बल्लेबाजी कर रहा है, लेकिन महज 38 रन पर तीन विकेट लेकर भारत ने उसकी शुरुआत बिगाड़ दी। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच यह 100वां टेस्ट मैच है।
Boxing Day Test: भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच 100वां टेस्ट, स्टीव स्मिथ के लिए बना 'काला दिन'
स्टीव स्मिथ के लिए 'काला दिन'
टेस्ट इतिहास में आज पहला मौका आया, जब स्टीव स्मिथ भारतीय टीम के खिलाफ बिना खाता खोले आउट हो गए। मेलबर्न में स्मिथ बेहतरीन अंदाज में खेलते हैं। 35 रन पर अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों को खोने के बाद ऑस्ट्रेलिया की जिम्मेदारी स्टीव स्मिथ के कंधों पर थी। मगर अनुभवी स्पिनर अश्विन ने स्मिथ के रूप में ऑस्ट्रेलिया को तीसरा झटका दिया। यह पहला मौका था जब स्टीव भारत के खिलाफ टेस्ट में बिना खाता खोले आउट हुए। 2016 के बाद वह किसी भी टीम के खिलाफ शून्य पर नहीं लौटे थे, लेकिन बॉक्सिंग-डे टेस्ट की पहली पारी उनके लिए बुरे सपने की तरह साबित हुई। मेलबर्न में अच्छे रिकॉर्ड के बावजूद वह कमाल नहीं कर पाया। एडिलेड (1 और 1*) में भी स्टीव के बल्ले से रन नहीं निकले थे।
गिल और सिराज का टेस्ट डेब्यू
नौ साल बाद ऐसा हो रहा है कि जब विदेश में किसी टेस्ट में दो या ज्यादा खिलाड़ी टेस्ट पदार्पण कर रहे हैं। वर्ष 2011 में वेस्टइंडीज के खिलाफ किंग्सटन मैच में विराट कोहली, अभिनव मुकुंद और प्रवीण कुमार को जबकि 2001 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वीरेंद्र सहवाग और दीप दासगुप्ता को ब्लोमफोंटेन मैच में मौका मिला था। विराट कोहली और वीरेंद्र सहवाग टेस्ट क्रिकेट के दिग्गज बन गए हैं। अब यही मौका प्रतिभाशाली युवा बल्लेबाज शुभमन गिल और मोहम्मद सिराज के पास है, जिन्हें मेलबर्न में टेस्ट कैप मिली।
रहाणे-टिम का कप्तानी रिकॉर्ड अच्छा
भारतीय खिलाड़ियों के सामने आत्मविश्वास से ओतप्रोत टिम पेन की टीम है, जो अपने परिवार के बिना क्रिसमस मना रहे हैं। ऑस्ट्रेलियाई टीम में कोई बदलाव नहीं किया गया है। पिछले साल एशेज के बाद से ऑस्ट्रेलिया ने सभी छह टेस्ट मैच जीते हैं और कप्तान के तौर पर टिम पेन का यह सबसे लंबा विजयी सिलसिला है। रहाणे ने दो बॉक्सिंग-डे टेस्ट में कप्तानी की है और दोनों ही जीते हैं। विदेशी सरजमीं पर वह पहली बार टीम की अगुवाई कर रहे हैं। भारत ने आठ बॉक्सिंग-डे मैच खेले हैं, जिसमें से एक जीता, पांच हारे और दो ड्रॉ रहे हैं।
क्या है बॉक्सिंग डे टेस्ट?
यह टेस्ट परंपरागत रूप से 26 दिसंबर यानी क्रिसमस दिवस के अगले दिन शुरू होता है। क्रिसमस पर चर्च में एक बॉक्स रखा जाता है जिसमें लोग जरूरतमंदों के लिए तोहफे रखते हैं। यह भी कहा जाता है कि यह दिन क्रिसमस पर मिले बॉक्स को खोलने का दिन होता है इसलिए यह बॉक्सिंग डे टेस्ट के रूप में मशहूर है। 13 टेस्ट मैच दोनों टीमों ने इस मैदान पर खेले हैं, जिसमें से भारत ने सिर्फ तीन और ऑस्ट्रेलिया ने आठ जीते हैं। दो ड्रॉ रहे हैं।
पांच देशों के खिलाफ भारत का प्रदर्शन
टीम मैच जीत हार ड्रॉ टाई
इंग्लैंड 122 26 47 49 0
ऑस्ट्रेलिया 99 28 43 27 1
वेस्टइंडीज 98 22 30 46 0
न्यूजीलैंड 59 21 12 26 0
पाकिस्तान 59 09 12 38 0