भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जा रहे चौथे टेस्ट के तीसरे दिन का खेल खराब रौशनी के कारण रद्द हो गया। दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया ने 6 विकेट के नुकसान पर 236 रन बना लिए हैं। फिलहाल, पैट कमिंस 25* और पीटर हैंड्सकॉम्ब 28* रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।
इससे पहले टीम इंडिया ने 7 विकेट के नुकसान पर 622 रन बनाकर अपनी पहली पारी घोषित की थी। मगर इस सब के बीच तीसरे दिन का खेल खत्म होने के बाद इस कंगारू बल्लेबाज ने इस बात की निराशा जताई है।
दरअसल, टीम इंडिया के खिलाफ शतकीय पारी से चूकने वाले हैरिस ने मैच के बाद कहा कि ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज अच्छी शुरूआत को बड़ी पारी में नहीं बदल सके, जिससे टीम की परेशानी बढ़ गई है। हैरिस ने 79 रन की शानदार पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 8 चौके भी लगाए। जडेजा ने उन्हें 43वें ओवर की आखिरी गेंद पर बोल्ड किया।
शनिवार को मैच के बाद हैरिस ने कहा, 'मैं गलत शॉट खेलने के कारण आउट हो गया। मैं किसी अन्य से ज्यादा खुद से निराश हूं। मुझे लगता है यह हमेशा हमारे प्लानिंग का हिस्सा होता है कि स्पिनर के खिलाफ शुरुआत में आक्रामक रहूं।'
हैरिस ने आगे कहा, 'ऐसे समय में आउट होना काफी निराशाजनक होता है जब आपको लगता है कि आप पारी को आगे बढ़ा सकते हैं। मैं आज अच्छी प्लानिंग के साथ उतरा था और मैंने अच्छी बल्लेबाजी भी की। शतक नहीं बना पाने से निराश हूं लेकिन मैदान पर समय बिताना और ठीक-ठाक स्कोर करना अच्छा रहा।'
उन्होंने कहा, 'आगे की योजना के लिए टीम की बैठक अभी नहीं हुई है लेकिन आज कई बल्लेबाजों को शुरुआत मिली लेकिन कोई भी बड़ा स्कोर नहीं बना सका। इसलिए यह आकलन करना काफी आसान है कि हमने जो गलती की, उस पर काम करें। हम अब भी संघर्ष कर रहे हैं और पहली पारी का खेल अब भी बाकी है। हमारी टीम युवा है और हम इस पर काम कर रहे हैं। हम रैंकिंग में पहले स्थान पर काबिज टीम के खिलाफ खेल रहे हैं इसलिए यह इतना आसान नहीं है।'