टीम इंडिया के उप-कप्तान रहाणे ने आगामी चार मैचों की टेस्ट सीरीज में ऑस्ट्रेलिया को पसंदीदा टीम करार दिया है। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पहला टेस्ट 6 दिसंबर से एडिलेड पर खेला जाएगा। ऐसा माना जा रहा है कि टीम इंडिया के पास ऑस्ट्रेलिया में इतिहास रचने का शानदार मौका है क्योंकि मेजबान टीम में स्टीव स्मिथ और डेविड वॉर्नर नहीं है। इसके अलावा दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड में टीम इंडिया के तेज गेंदबाजों ने कमाल का प्रदर्शन किया है।
हालांकि, रहाणे इस पर विश्वास नहीं रखते। उनका मानना है कि ऑस्ट्रेलिया में वो ताकत है कि वह टीम इंडिया पर हावी हो सकती है। रहाणे ने मंगलवार को मीडिया से बातचीत में कहा, 'मुझे लगता है कि कोई भी टीम जब अपने घर में खेलती है तो वह अच्छा महसूस करती है। मुझे लगता है कि ऑस्ट्रेलियाई टीम सीरीज जीत की प्रबल दावेदार है। हम उन्हें किसी भी हालत में हल्के में नहीं ले सकती। यह सच है कि उन्हें स्मिथ और वॉर्नर की कमी खलेगी, लेकिन मुझे नहीं लगता कि वह कमजोर हैं।'
रहाणे ने आगे कहा, 'आप ऑस्ट्रेलिया का गेंदबाजी आक्रमण देखिए। वह शानदार है। मेरे ख्याल से आपको टेस्ट जीतने के लिए अच्छे गेंदबाजी आक्रमण की जरूरत है। इसलिए मुझे लगता है कि ऑस्ट्रेलिया जीत की दावेदार है।' वैसे, टीम इंडिया के गेंदबाजी आक्रमण ने विदेशों में शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन बल्लेबाजों ने काफी निराश किया। रहाणे का फॉर्म भी चिंता का विषय रहा। उन्होंने 2018 में 15 पारियों में 29.66 की औसत से रन बनाए।
इस बारे में बात करते हुए भारतीय उप-कप्तान ने कहा, 'जब आप टीम बनकर अच्छा करते हो तो बहुत अच्छा महसूस होता है। यह टीम गेम है। इसमें हर किसी की जिम्मेदारी टीम के लिए योगदान देने की होती है। मुझे लगता है कि अगर ऑस्ट्रेलिया में सफलता प्राप्त करना है तो लंबी साझेदारियों करनी होगी।'
रहाणे टीम इंडिया के साथ अपने करियर में दूसरी बार ऑस्ट्रेलियाई दौरे पर हैं। पिछली बार रहाणे ने 399 रन बनाए थे। इस बार रहाणे से टीम इंडिया को बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है क्योंकि पिछले कुछ समय से उनका बल्ला खामोश है।