पाकिस्तान में रुपया शुक्रवार को डॉलर के मुकाबले अपने अब तक के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया। वहीं कराची शेयर बाजार में 800 से ज्यादा अंकों की गिरावट देखने को मिली।
150 पर पहुंचा रुपया
पाकिस्तानी रुपया 150 के स्तर पर पहुंच गया है। आईएमएफ से लोन मिलने की उम्मीद में रुपया लगातार गिर रहा है। रुपये को संभालने के लिए पाकिस्तान का केंद्रीय बैंक--स्टेट बैंक ऑफ पाकिस्तान (एसबीपी) भी किसी तरह का कोई हस्तक्षेप नहीं कर रहा है।
शेयर बाजार में भी गिरावट
कराची शेयर बाजार में भी शुक्रवार को बड़ी गिरावट देखने को मिली और यह 804.5 अंक गिरकर 33,166.6 के स्तर पर बंद हुआ। अब आईएमएफ बोर्ड की बैठक के बाद सोमवार को शेयर बाजार की चाल में और अंतर आ सकता है।
चाय की चुस्की पर पाबंदी
लाहौर हाईकोर्ट ने बाबुओं की चाय पर भी पाबंदी लगा दी है। सरकारी खर्चे पर अधिकारी अब चाय नहीं पी पाएंगे। हाईकोर्ट ने कहा है कि नेता और सरकारी बाबू खजाने के रक्षक हैं। वो इस सरकारी खजाने का इस्तेमाल अपने व्यक्तिगत खर्चों के लिए न करें। इसलिए बैठक में चाय नहीं पिलाई जाएगी। कोर्ट अब इस मामले की अगली सुनवाई 23 मई को करेगा।
जिन्ना ने भी किया था मना
लाहौर हाईकोर्ट के जस्टिस अमीनुद्दीन खान ने कहा कि देश के संस्थापक मोहम्मद अली जिन्ना ने भी सरकारी खर्चे से चाय पीने पर रोक लगाई थी। इसलिए अगली सुनवाई तक किसी भी तरह की सरकारी बैठक में चाय का दौर नहीं चलेगा।