वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अपने बजट प्रस्तावों में सोने और चांदी पर आयात शुल्क में भारी कटौती की घोषणा की। वित्त मंत्री ने सोने और चांदी पर आयात शुल्क में पांच फीसदी की कटौती की है। मालूम हो कि वर्तमान में सोने पर 12.5 फीसदी आयात शुल्क चुकाना पड़ता है। इस तरह से अब सोने और चांदी पर सिर्फ 7.5 फीसदी आयात शुल्क चुकानी होगी।
सोने-चांदी के आयात शुल्क में कटौती, रिकॉर्ड स्तर से 7000 रुपये नीचे है दाम, जानिए निवेश के विकल्प
रिकॉर्ड स्तर से करीब 7000 रुपये नीचे है सोने का दाम
2020 में सोना निवेशकों के लिए सुरक्षित निवेश तथा सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाले साधनों में से एक बनकर उभरा। कोरोना वायरस के प्रभाव को कम करने के लिए दुनिया भर के केंद्रीय बैंकों और सरकारों द्वारा राजकोषीय उपायों ने पिछले साल सोने की कीमतों में 25 फीसदी से अधिक की वृद्धि की थी, जबकि चांदी लगभग 50 फीसदी बढ़ गई थी। सोने को मुद्रास्फीति और मुद्रा में आई गिरावट के खिलाफ बचाव के रूप में देखा जाता है। सोना संकट के समय में भी महंगाई को मात देने की ताकत रखता है।
इंडिया बुलियन एंड ज्वैलरी एसोसिएशन (आईबीजेए) के आंकड़ों के अनुसार, 31 दिसंबर 2019 को घरेलू बाजार में सोने का भाव 39,240 रुपये प्रति 10 ग्राम था, जो कि पिछले साल सात अगस्त को 43 फीसदी बढ़कर 56,126 रुपये प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। हालांकि, इसके बाद वैक्सीन की खबरों से सोने की कीमत में नरमी आई और हाजिर बाजार में सोने के भाव फिलहाल 49 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम के करीब है। यानी दाम रिकॉर्ड कीमत से करीब सात हजार रुपये प्रति 10 ग्राम नीचे है।
निर्मला सीतारमण ने कहा कि जुलाई 2019 में सोने पर आयात शुल्क 10 फीसदी से बढ़ाकर 12.5 फीसदी किया गया था। इसके चलते सोने के दाम काफी बढ़े हैं। इसे देखते हुए सरकार सोने और चांदी पर सीमा शुल्क को तर्कसंगत बनाएगी। इस घोषणा के बाद सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट आएगी। भारत बड़े पैमाने पर सोने का आयात करता है। चीन के बाद भारत सोने का सबसे बड़ा खरीदार है। वित्त मंत्री के इस फैसले से सोने की तस्करी पर भी अंकुश लगेगा।
ऐसे में हम आपको सोने में निवेश के कुछ विकल्प बताने जा रहे हैं, जिनसे आपको बहुत फायदा होगा।
गोल्ड सेविंग स्कीम
आप सोने की बचत स्कीम में निवेश कर सकते हैं। ये बचत स्कीम दो तरीके की होती हैं, जो आपको प्रति माह एक निश्चित अवधि के लिए तय रकम जमा करने की अनुमति देती है और अवधि खत्म होने पर आप जमा किए गए मूल्य के बराबर सोना खरीद सकते हैं। इतना ही नहीं, इन स्कीम में निवेश कर आपको बोनस रकम भी मिलती है।
गोल्ड एक्सचेंज ट्रेडेड फंड
सोने के खरीदने का एक और विकल्प है, वो है गोल्ड एक्सचेंज ट्रेडेड फंड यानी ईटीएफ। पेपर गोल्ड में निवेश करने का सबसे अच्छा तरीका गोल्ड ईटीएफ (एक्सचेंज-ट्रेडेड फंड्स) खरीदना है। ईटीएफ में निवेश बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज और नेश्नल स्टॉक एक्सचेंज के जरिए होता है। इसके मूल्य में जो उतार-चढ़ाव होता है, वो सोने की कीमतों पर निर्भर करता है। सोने के सिक्के की तुलना में इसकी लागत कम होती है। इसमें निवेश के लिए आपके पास ट्रेडिंग और डीमैट खाता होना चाहिए। कोरोना वायरस महामारी के कारण छाई आर्थिक मंदी और अमेरिकी डॉलर में सुस्ती से साल 2021 में सुरक्षित निवेश के तौर पर स्वर्ण आधारित एक्सचेंज ट्रेडेड फंड (ईटीएफ) में निवेशकों का आकर्षण बढ़ा। कोरोना वायरस महामारी के कारण छाई आर्थिक मंदी और अमेरिकी डॉलर में सुस्ती से साल 2021 में सुरक्षित निवेश के तौर पर स्वर्ण आधारित एक्सचेंज ट्रेडेड फंड (ईटीएफ) में निवेशकों का आकर्षण बढ़ा। इससे गोल्ड ईटीएफ में 6,657 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश हुआ। जबकि साल 2019 में स्वर्ण ईटीएफ में सिर्फ 16 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश हुआ था।
अगली स्लाइड में जानते हैं एक ऐसी सरकारी योजना के बारे में, जहां से आप सस्ती दरों में सोने में निवेश कर सकते हैं और आपको ब्याज के अतिरिक्त और भी लाभ भी होगी।
सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड
निवेशक सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड (Sovereign Gold Bond) योजना के तहत बाजार मूल्य से काफी कम दाम में सोना खरीद सकते हैं। यह योजना सिर्फ पांच दिनों के लिए होती है। गोल्ड बॉन्ड की खरीद ऑनलाइन तरीके से की जाती है, तो सरकार ऐसे निवेशकों को 50 रुपये प्रति ग्राम की अतिरिक्त छूट देती है।
यहां से कर सकते हैं निवेश
भारत सरकार की ओर से ये बॉन्ड रिजर्व बैंक जारी करता है। गोल्ड बॉन्ड आप बैंकों, डाकघरों, एनएसई और बीएसई के अलावा स्टॉक होल्डिंग कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड के जरिए भी खरीद सकते हैं।
इतना मिलेगा ब्याज
गोल्ड बॉन्ड की परिपक्वता अवधि आठ साल की होती है और इस पर सालाना 2.5 फीसदी का ब्याज मिलता है। बॉन्ड पर मिलने वाला ब्याज निवेशक के टैक्स स्लैब के अनुरूप कर योग्य होता है, लेकिन इस पर स्रोत पर कर कटौती (टीडीएस) नहीं होती है।
ई-कॉमर्स वेबसाइट से खरीदें सोना
आप सिर्फ ज्वैलर से ही नहीं, बल्कि बैंक, गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों और ई-कॉमर्स वेबसाइटों से भी सोना खरीद सकते हैं। मालूम हो कि भारत के घरेलू डिजिटल वित्तीय सेवा प्लेटफॉर्म पेटीएम ने घोषणा की थी कि उसने डिजिटल सोने के लेनदेन में दोगुना वृद्धि दर्ज की है। कंपनी ने पेटीएम गोल्ड सर्विसेज को पेटीएम मनी प्लेटफॉर्म पर बढ़ा दिया है, जिससे उपयोगकर्ता किसी भी दो प्लेटफॉर्म पर डिजिटल सोना खरीद और बेच सकते हैं। कंपनी ने अपने हाई-वैल्यू लेनदेन प्रोडक्ट फीचर को लॉन्च करने की भी घोषणा की थी, जिसमें यूजर अपने एप पर एक बार में एक करोड़ रुपये तक का पेटीएम गोल्ड खरीद पाएंगे।