आज देश का बजट संसद में पेश किया जाएगा, केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण पहले ही इस बात का एलान कर चुकी हैं कि इस साल का बजट ऐसा होगा, जो पहले कभी नहीं देखा गया होगा। दरअसल, आम बजट में सरकार इस बात की जानकारी देती है कि इस वित्त वर्ष में वो कहां-कहां से कमाई करेगी और कहां-कहां खर्च करेगी। इसके लिए बजट में सबसे ज्यादा नजर जिस एलान पर होती है, वो है टैक्स स्लैब पर मिलने वाली छूट। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि बजट कौन बनाता है, ये किसी अकेले का काम नहीं है, इस बार निर्मला सीतारमण की बजट टीम में कुल छह लोग शामिल हैं। आइए इन लोगों के बारे में जानते हैं...
बजट 2021 : ये है बजट बनाने वाली वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की टीम, जानिए इनके बारे में सबकुछ
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण
इस बजट को बनाने में सबसे अहम भूमिका वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण निभा रही हैं। तभी वो यह कहती नजर आ रही हैं कि इस बार का बजट ऐतिहासिक होगा और अलग होगा, जो पहले कभी नहीं हुआ हो। इस बार वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण मोदी सरकार की तीसरा बजट पेश करेंगी। पिछली बार उन्होंने बजट का बहीखाता कहा था। इस बार ये बजट डिजिटल तरीके से पेश किया जा रहा है।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के बाद वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर की बजट बनाने में अहम भूमिका है। पिछली बार बजट पेश करने से पहले अनुराग ठाकुर ने हनुमान जी की पूजा की थी और उसके बाद वो लोकसभा पहुंचे थे। इस बार उन्होंने संसद पहुंचने से पहले अपने घर पर पूजा-अर्चना की।
कृष्णमूर्ति सुब्रमणियन
मुख्य आर्थिक सलाहकार कृष्णमूर्ति सुब्रमणियन ने फाइनेंशियल इकोनॉमिक्स में पीएचडी की है। मुख्य आर्थिक सलाहकार बनने से पहले कृष्णमूर्ति सुब्रमणियन इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस में पढ़ाते थे। कृष्णमूर्ति सुब्रमणियन को बैंकिंग, कॉरपोरेट प्रशासन, आर्थिक नीति का एक्सपर्ट माना जाता है। लॉकडाउन के बाद सुब्रमणियन ने अनुमान जताया था कि अर्थव्यवस्था वी शेप रिकवरी दर्ज करेगी।
टीवी सोमनाथन
टीवी सोमनाथन व्यय विभाग के सचिव हैं। इन्होंने अर्थशास्त्र में पीएचडी की है। सोमनाथन 1987 बैच के तमिलनाडु कैडर के आईएएस अधिकारी हैं। टीवी सोमनाथन विश्व बैंक में भी काम कर चुके हैं। इसके अलावा प्रधानमंत्री कार्यालय में बतौर संयुक्त सचिव अपनी सेवाएं दे चुके हैं। सोमनाथन सहयोगियों के बीच एक लोकप्रिय नौकरशाह हैं।