हम आपको मिला रहे हैं एक ऐसे नौजवान से, जो न तो बोल सकता है और न ही सुन सकता है, लेकिन डांस ऐसा करता कि देखने वालों की आंखें खुली रह जातीं। अक्षय कुमार ने इन्हें लखपति बना दिया है।
ये शख्स म्यूजिक सुने बिना सुर ताल मिलाता है और इस समय एक बड़ा शो जीतने की ओर कदम बढ़ा रहा है। आप सोच रहे होंगे कि बिना म्यूजिक सुने डांस कैसे संभव है। अरे, मंजिल उन्हीं को मिलती है जिनके सपनों में जान होती है। पंखों से कुछ नहीं होता हौसलों से उड़ान होती है।’
इस कहावत को सही कर दिखाया है पंजाब के मोगा जिले के गांव कड़ियाल के रहने वाले 23 साल के प्रभदीप सिंह गिल ने। प्रभदीप सिंह बोल और सुन नहीं सकते, लेकिन गानों की बीट पर उनके पांव इस तरह थिरकते हैं कि सबकी आंखें खुली की खुली रह जाती हैं। ऐसा ही कुछ हुआ अक्षय कुमार के साथ, जब डांस दीवाने प्रोग्राम में उन्होंने प्रभदीप का डांस देखा। वे अपनी मूवी गोल्ड की प्रमोशन के सिलसिले में मौनी रॉय के साथ शो में बतौर अतिथि पहुंचे थे।
प्रभदीप की परफॉर्मेंस देखकर अक्षय कुमार भावुक हो गए। उन्होंने प्रभदीप की न सिर्फ तारीफ की, बल्कि उसे गोल्ड मेडल पहनाकर सम्मानित किया, साथ ही पांच लाख रुपये का चेक पुरस्कार स्वरूप दिया। अक्षय कुमार ने बताया कि वे एक मार्शल आर्ट इंस्टीट्यूट चलाते हैं। इसमें बच्चे, नौजवान, लड़कियां, महिलाएं और भी कई लोग सीखने के लिए आते हैं। जब भी कोई अच्छा परफॉर्म करता हैं, तो वे उसे एक लाख रुपये बतौर ईनाम देते हैं।
प्रभदीप सिंह गिल की माता जसवीर कौर ने बताया कि वह टीवी पर औरों को डांस करते देखता था तो एक दिन खुद भी वैसे ही डांस स्टैप करने लगा। उसे देखकर मुझे भी हैरानी हुई, फिर उसके एक दोस्त ने समझाया कि वो देखकर डांस करता है। अब वह डांस सीखने की जिद करने लगा था तो 15 साल की उम्र में उन्होंने उसे मोगा के सोनू जैक्शन अकेडमी में डांस सीखने के लिए भेजा। उसके बाद तो प्रभदीप के पांव रुके ही नहीं। ऐसा लगा मानो उसके सपने को उड़ान मिल गई थी।