आपने सांप-बिच्छू और कई ऐसे जीव-जन्तुओं के बारे में सुना होगा जो काफी जहरीले और खतरनाक होते हैं। कुछ प्रकार के जंगली बिच्छू तो ऐसे भी होते हैं जो डंक मार दें तो इंसान की कुछ ही समय में मौत हो जाए। पर क्या आप सोच सकते हैं कि छोटा सा दिखने वाला ततैया भी कई बार हमारे लिए काफी खतरनाक हो सकता है?
अलर्ट: ये ततैया मार दे डंक तो हो सकता है लकवा, बहुत खतरनाक है ये छोटा सा दिखने वाला जीव
टारेंटयुला हॉक- ततैये की प्रजाति
मीडिया रिपोर्ट्स से पता चलता है कि टारेंटयुला हॉक ऐसी ही ततैये की एक प्रजाति है जो इंसानों में गंभीर दिक्कतों का कारण बन सकती है। ये इतनी जहरीली मानी जाती है कि अगर किसी इंसान को काट ले तो वह तुरंत ही बेहोश हो सकता है, दिमाग कुछ ही मिनटों में सुन्न हो जाता है और कुछ लोगों को लकवा भी हो सकता है।
कई वैज्ञानिक रिपोर्टस में इसको लेकर चेतावनी भी जारी की जाती रही है।
टारेंटयुला हॉक को लेकर वैज्ञानिक करते हैं अलर्ट
टारेंटयुला हॉक प्रजाति के ततैये को लेकर एरिजोना विश्वविद्यालय की एक रिपोर्ट में जीवविज्ञानी एंड्रयू वेस्ले लेगन बताते हैं, दक्षिण-पश्चिम अमेरिका में ये जीव अधिक देखे जाते रहे हैं। न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट में एंड्रयू ने एक घटना के बारे में बताया कि वह एक दिन अपने पालतू कुत्ते को टहला रहे थे, तभी उनकी नजर मकड़ी पर पड़ी, जिसे टारेंटयुला हॉक ततैया ने काट लिया था। उसके डंक से मकड़ी उठ भी नहीं पा रही थी, शायद उसे लकवा मार गया था।
इंसानों के लिए ये बहुत खतरनाक
इस घटना के बाद जब उन्होंने ततैया की इस प्रजाति से होने वाले खतरों के बारे में जानने के लिए अध्ययन किया तो उन्होंने पाया कि ये दूसरे जीव-जन्तुओं ही नहीं इंसानों के लिए भी काफी जोखिम कारक हो सकती है। अगर ये इंसानों को काट ले तो इसका सीधा असर दिमाग की तंत्रिकाओं पर हो सकता है जिसके कारण लकवा जैसी समस्या का जोखिम रहता है।
जीवविज्ञानी एंड्रयू वेस्ले लेगन कहते हैं, ये ततैये ज्यादा जंगली इलाकों और झाड़ में बैठे रहते हैं, इसलिए इससे जितना हो सके, दूर ही रहना अच्छा होता है।