अपने पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान के सिंध प्रांत में असमाजिक तत्वों ने हिंदू मंदिर में तोड़फोड़ कर दी। असमाजिक तत्वों ने मंदिर में मूर्तियों को तोड़ दिया और वहां रखे पवित्र ग्रंथों में आग लगा दी। यह घटना खैरपुर जिले के कुंब शहर में पिछले सप्ताह हुई है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, हिंदु मंदिर में तोड़फोड़ के बाद अज्ञात हमलावर फरार हो गए। जबकि प्रधानमंत्री इमरान खान ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए दोषियों के खिलाफ तेजी से और ठोस कार्रवाई का आदेश दिया है। पीएम इमरान खान ने मंगलवार को ट्विटर पर प्रांतीय प्रशासन से दोषियों के खिलाफ तीव्र कार्रवाई करने के लिए कहा है।
पीएम इमरान खान ने कहा कि सिंध सरकार को दोषियों के खिलाफ तेज और ठोस कार्रवाई करनी चाहिए, यह कुरान की शिक्षा के खिलाफ है। इस घटना से स्थानीय हिंदू समुदाय में गहरी नाराजगी है। समा टीवी के मुताबिक, घटना के बाद इलाके के हिंदुओं ने शहर में जमकर प्रदर्शन किया है। लोगों ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज कराया है।
हिंदू मंदिरों की सुरक्षा के लिए विशेष कार्य बल गठित करने की मांग
पाकिस्तान हिंदू परिषद के सलाहकार राजेश कुमार हरदसानी ने हिंदू मंदिरों की सुरक्षा के लिए विशेष कार्य बल गठित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस कृत्य ने हिंदू समुदाय के बीच अशांति पैदा कर दी है। इन तरह के हमले देशभर में धार्मिक सौहार्द का माहौल बिगाड़ने की कोशिश के तहत किए जाते हैं।
बताया जा रहा है कि यह मंदिर समुदाय के लोगों के घरों के पास था इसलिए उन्होंने मंदिर की देखभाल करने के लिए किसी को नहीं रखा था, उन्हें लगता था कि यह सुरक्षित है। इस पूरी घटना को लेकर पुलिस ने कहा है कि वो हमलावर की तलाश कर रही है लेकिन अभी तक किसी की भी गिरफ्तारी नहीं हुई है। अभी तक किसी भी व्यक्ति या समूह ने हमले की जिम्मेदारी भी नहीं ली है।