अमेरिकी स्पेस एजेंसी नासा एक कंपनी को चांद की सतह से चट्टानें चुन कर लाने के लिए एक अमेरिकी डॉलर का भुगतान कर रही है। 'लूनर आउटपोस्ट' नामक कंपनी को नासा ने यह ठेका दिया है। यह कंपनी नासा के लिए चांद से यह नमूने लेकर देगी।नासा ने चार ऐसे अनुबंध किए हैं जिनके तहत कुछ कंपनियां नासा के लिए बेहद कम खर्च में चांद से नमूने जुटाएंगी। जिन अन्य कंपनियों ने नासा से ये अनुबंध जीते हैं, उनमें कैलिफॅार्निया स्थित मास्टेन स्पेस सिस्टम्स, टोक्यो की आई-स्पेस और उसी की यूरोपियन सहायक कंपनी शामिल है। नासा इन कंपनियों को चांद की सतह से कंकड़, पत्थर और मिट्टी लेकर आने के लिए भुगतान करेगा। नासा के अनुसार, ये नमूने 50 ग्राम से 500 ग्राम वजन के बीच हो सकते हैं।
चांद से कंकड़ लाने के लिए नासा कंपनी को देगा एक डॉलर
नासा के एक प्रवक्ता ने बताया, "ये कंपनियां हमारे लिए नमूने एकत्र करेंगी और फिर हमें दृश्य सबूत प्रदान करेंगी, साथ ही उससे जुड़ा डेटा भी देंगी। इससे चांद से संबंधित और जानकारी हमें प्राप्त होगी।"लूनर आउटपोस्ट के सीईओ जस्टिन सायरस ने बीबीसी से बातचीत में कहा, "यह मिशन 2023 में होना है, लेकिन हम कुछ लेंडर कंपनियों से बात कर रहे हैं जिनकी मदद से इसकी लॉन्च डेट थोड़ा पहले भी रखी जा सकती है।"
- 'ये मामला पैसे का नहीं'
अमेरिका के कोलाराडो में स्थित लूनर आउटपोस्ट एक रोबोटिक्स कंपनी है। नासा से मिले अनुबंध के अनुसार, इस कंपनी को चांद के साउथ पोल यानी दक्षिणी ध्रुव से चट्टानें एकत्र करने के लिए एक अमेरिकी डॉलर मिलेगा। लेकिन इस मिशन के लिए जो रकम नासा इन कंपनियों को देने वाला है, वो इन कंपनियों के लिए सिर्फ प्रेरणा नहीं है, बल्कि मिशन से इन्हें कई वैज्ञानिक लाभ होने की उम्मीद है, जैसे कि चांद की सतह से संसाधनों को निकालने का अभ्यास करने की अनुमति मिलना।
सायरस कहते हैं, "इस मिशन से बड़ा बदलाव आने वाला है, खासकर उस सोच में जो अंतरिक्ष की खोज को लेकर रहती है।" सायरस की कंपनी ब्लू ओरिजन जैसी कुछ अन्य कंपनियों के संपर्क में है, जो विशेष रूप से चांद तक उड़ान भरने पर काम कर रही हैं। अमेजन के संस्थापक जेफ बेजोस की ब्लू ओरिजन को खड़ा करने में मुख्य भूमिका रही है। जापान की जिस कंपनी के साथ नासा ने अनुबंध किया है, उसे पांच हजार अमेरिकी डॉलर दिए जाएंगे और कंपनी 2022 में चांद के उत्तर-पूर्वी क्षेत्र से नमूने एकत्र करेगी। हाल में चीन ने अपना चांग ई-5 मून लैंडर चांद के उत्तर पश्चिमी हिस्से में उतारा है. ये लैंडर चांद से मिट्टी और पत्थर के नमूने पृथ्वी पर भेजने के लिए तैयार किया गया है।
- तीन किश्तों में मिलेगा एक डॉलर
अंतरिक्ष विशेषज्ञ सीनिएड ओ सुलीवान कहते हैं, "स्पेस प्रोग्राम के लिए एक अमेरिकी डॉलर जैसी रकम का भुगतान यहां महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि यह महत्वपूर्ण है कि नासा ऐसे कार्यक्रमों में हिस्सा ले रहा है और नई मिसाल पेश कर रहा है।"उन्होंने कहा, "यहां प्रोग्राम में शामिल पैसा अहम नहीं है, बल्कि धरती के बाहर खरीदारों और विक्रेताओं का बाजार बनाने के लिए व्यावसायिक और कानूनी मानदंड बनाने का है।"