बंजी जंपिग और पैराग्लाइडिंग जैसी एडवेंचर्स चीजें लोगों को काफी पसंद होते हैं और उन्हें रोमांचित करते हैं। रोमांच के साथ-साथ लोगों के गिरने का डर भी बना रहता है। अगर ऐसा हुआ तो सच में यह किसी भयानक सपने से कम नहीं होगा। लेकिन पोलैंड में एक बंजी जंपर के साथ जो घटना घटी है उसे देखकर आप हैरान हो सकते हैं।
दरअसल, बंजी जंपर 100 मीटर की ऊंचाई से गिडेनिया के एक पार्क में स्टंट करने की कोशिश कर रहा था और वह नीचे गिर गया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में आप साफ देख सकते हैं कि क्रेन से बंजी जंपर को आसमान की ओर उठाया जा रहा है।
जब जंपर को लगता है कि अब उसे ऊंचाई से कूदना चाहिए तो वह कूद जाता है। तभी हवा में ही उसकी रस्सी खुल जाती है और वह तेजी से नीचे गिरने लगता है। घटना का वीडियो देखकर लोग हैरान हैं।
बता दें कि सुरक्षा की दृष्टि से जमीन पर पहले से ही हवा से भरा बड़ा सा कुशन रखा था, लेकिन कुशन पर गिरते ही व्यक्ति उछलकर बाहर गिर गया। इसके बाद तुरंत उसे अस्पताल ले जाया गया।
डॉक्टरों के जांच के बाद बताया गया कि व्यक्ति के रीढ़ की हड्डी टूट गई है और आंतरिक अंगों के साथ कई जगह चोट आई है। हालांकि रीढ़ की हड्डी ज्यादा नहीं टूटी है। इसलिए वह जल्दी ही चलने फिरने में सक्षम हो जाएगा। बंजी क्लब के जिन कर्मचारियों और प्रतिभागियों ने इस कार्यक्रम का आयोजन किया था, उनसे घटना के कारणों को जानने के लिए पूछताछ भी की जा रही है। इसी बीच बंजी क्लब ने अपने अधिकारिक फेसबुक पेज पर एक मैसेज भी पोस्ट किया है, जिसमें लिखा है 'दुर्भाग्यपूर्ण छलाँग के प्रतिभागी का स्वास्थ्य ठीक है और उसे अब कोई ख़तरा नहीं है।'