Hornbill Bird: प्रेम एक पवित्र बंधन है जिसने दुनिया को आज भी जोड़कर रखा हुआ है। प्रेम का नाम ही नकारात्मक भावनाओं को दूर करने के लिए काफी होता है। आज तक आपने कई इंसानों की प्रेम कहानियां सुनी होंगी, जिसमें लोग एक दूसरे के लिए अपनी जान तक कुर्बान कर देते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इस तरह का प्यार केवल इंसानों में ही नहीं बल्कि जीव-जन्तुओं के बीच भी देखने को मिलता है। आज हम आपको एक ऐसे ही जीव के बारे में बताने जा रहे हैं, जिसके प्रेम के बारे में जानकर आपको हैरानी होगी।
Hornbill Bird: नर की मृत्यु के बाद मादा और बच्चों की भी हो जाती है मौत, जानें कारण
साथ मिलकर खोजते हैं घर
हॉर्नबिल पक्षी IUCN Red List में भी शामिल है। इनकी उम्र 50 साल तक होती है। आमतौर यह पक्षी ताउम्र एक ही साथी के साथ रहते हैं और सफर भी एक साथ ही करते हैं। घर बसाने के समय भी वह घोंसले की खोज एक साथ ही करते हैं। हॉर्नबिल का जोड़ा किसी पेड़ में बनी प्राकृतिक गुफा, दूसरे पक्षी के घोंसले या अपने ही पुराने घोंसले को दोबारा अपना घर बना लेता है।
खुद को घोंसले में कैद कर लेती है मादा हॉर्नबिल
आपको जानकर हैरानी होगी कि मादा हॉर्नबिल बच्चों को पालने के लिए खुद को 3-4 महीनों के लिए अपने घोंसले में कैद कर लेती है। खाने के लिए केवल एक छोटा सा छेद खुला रहता है, इसलिए हॉर्नबिल का जोड़ा काफी सोच-समझकर घर ढूंढता है। जितने समय तक मादा हॉर्नबिल घोंसले के अंदर कैद रहती है, नर हॉर्नबिल उसे अपनी चोंच से खाना देता रहता है। वहीं जब अंडों से बच्चे बाहर निकल जाते हैं तो नर को और भी अधिक खाना लाने की जरूरत पड़ती है।
पिता के न लौटने पर हो जाती है परिवार की मौत
एक नर हॉर्नबिल के ऊपर अपने परिवार की पूरी जिम्मेदारी होती है। उसे न केवल अपने लिए बल्कि अपने पूरे परिवार के लिए खाने की व्यवस्था करनी पड़ती है। वह खाने के लिए घोंसले से ज्यादा दूर नहीं जा सकता क्योंकि उसे घोंसले की सुरक्षा भी करनी होती है। अगर किसी कारण नर हॉर्नबिल घोंसले तक लौट नहीं पाता है तो उसका पूरा परिवार खत्म हो जाता है। खाने के इंतजार में कई बार मादा हॉर्नबिल और बच्चे अपने प्राण त्याग देते हैं।
इसलिए कहा जाता है 'जंगल का माली'
हॉर्नबिल पक्षी फलों को खाते समय पूरा निगल लेते हैं। दरअसल जब हॉर्नबिल मादा और बच्चों के लिए खाना लाता है तो कई बार फल नीचे गिर जाते हैं। ऐसे में कई तरह के फलों के बीज जमीन पर गिरे मिलते हैं। खासतौर पर जहां हॉर्नबिल के घोंसले होता है। यही वजह है कि हॉर्नबिल को 'जंगल का माली' या 'जंगल का किसान' भी कहा जाता है।