वीडियो: महंगा टिकट लेकर भी ट्रेन में सुरक्षित नहीं महिलाएं? एसी कोच में महिला से लूटपाट, रोते हुए सुनाई आपबीती
Viral Video: हावड़ा-जमालपुर ट्रेन के एसी-2 कोच में साहिबगंज के पास एक महिला यात्री से लूटपाट का मामला सामने आया है। महिला का आरोप है कि चोर उन्हें धक्का देकर सोने का हार, पासपोर्ट और जरूरी दस्तावेजों से भरा बैग लेकर फरार हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है।
विस्तार
ट्रेन में सफर करते समय हर यात्री चाहता है कि उसका सामान और उसकी सुरक्षा दोनों का पूरा ध्यान रखा जाए। खासकर एसी कोच में सफर करने वाले लोगों को उम्मीद रहती है कि वहां सुरक्षा के बेहतर इंतजाम होंगे। लेकिन हावड़ा से जमालपुर जा रही एक ट्रेन में महिला यात्री के साथ हुई लूटपाट की घटना ने इन दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। साहिबगंज के पास एक चोर ने एसी-2 कोच में घुसकर महिला का बैग छीन लिया। महिला ने अपना सामान बचाने की कोशिश की तो आरोपी ने उन्हें धक्का दे दिया। इस घटना के बाद महिला इतनी डर गईं कि सोशल मीडिया पर अपनी आपबीती सुनाते हुए रो पड़ीं।
रात के अंधेरे में बैग छीनकर फरार हुआ चोर
यह घटना ट्रेन एसी-2 टियर कोच ए 1 की बताई जा रही है। महिला के मुताबिक, वह सीट नंबर 51 पर सफर कर रही थीं। रात के समय जब ट्रेन साहिबगंज के पास पहुंची, तभी एक चोर कोच में आया और उनका बैग खींचने लगा। महिला ने उसे रोकने और अपना सामान बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उन्हें जोर से धक्का दे दिया। इससे वह नीचे गिर गईं और उन्हें चोट भी आई। इसके बाद चोर बैग लेकर फरार हो गया। महिला ने बताया कि बैग में सोने का हार, पासपोर्ट, जरूरी पहचान पत्र और कई कीमती सामान रखे थे। उन्होंने इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किया है।
I was deliberately pushed and robbed of gold jewellery & my passport aboard Train 13071 Coach A1 Seat 51 near Sahibganj, fell & injured. Request urgent investigation & accountability. @RailMinIndia @RailwaySeva https://t.co/9cqSJve1Qf
— shruti (@furrymomneds) November 13, 2026
रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
महिला ने अपनी शिकायत में कहा कि घटना के समय कोच में कोई सुरक्षाकर्मी मौजूद नहीं था। वारदात के बाद उन्हें मदद और शिकायत दर्ज कराने के लिए भी काफी परेशान होना पड़ा। उन्होंने दावा किया कि ट्रेन के चार से पांच अन्य डिब्बों में भी इसी तरह चोरी की घटनाएं हुई हैं। महिला ने सवाल उठाया कि जब यात्री एसी-2 जैसे महंगे कोच का टिकट लेते हैं, तो उन्हें सुरक्षा क्यों नहीं मिलती? रात में सफर करने वाली महिलाओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी आखिर किसकी है?
रेलवे ने मांगी यात्री से जानकारी
वीडियो सामने आने के बाद रेलवे सेवा के आधिकारिक एक्स हैंडल ने महिला से संपर्क किया। रेलवे ने जांच और कार्रवाई के लिए उनसे डायरेक्ट मैसेज के जरिए पीएनआर नंबर और मोबाइल नंबर साझा करने को कहा है। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर भी बहस छिड़ गई है। कई यूजर्स ने ट्रेन में चोरी की घटनाओं पर चिंता जताई है। कुछ लोगों ने ट्रेनों में सीसीटीवी कैमरे लगाने, हर तीन कोच पर महिला और पुरुष सुरक्षाकर्मी तैनात करने और पुलिस से सीधे संपर्क के लिए इंटरकॉम की सुविधा देने की मांग की है। फिलहाल, इस घटना ने लंबी दूरी की ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
