अगले साल 1 अप्रैल 2020 से सभी वाहन निर्माताओं को अपनी गाड़ियों में नए उत्सर्जन मानक वाले बीएस-6 इंजन देना अनिवार्य होगा। वहीं सभी दो पहिया और तिपहिया वाहन निर्माता कंपनियों ने अपने वाहनों में बीएस-6 इंजन देना शुरू कर दिया है। वहीं दिल्ली समेत कई शहरों में बीएस-6 ईंधन भी देना शुरू कर दिया है। वहीं अगर आप कार या बाइक खरीदने की सोच रहे हैं, तो बेहतर होगा कि बीएस-6 मानक वाली कार या बाइक खरीदें। जानते हैं बीएस-4 और बीएस-6 में क्या है अंतर और कौन-कौन सी कारें बीएस-6 में हैं उपलब्ध।
जानें बीएस-4 और बीएस-6 इंजन में क्या है अंतर, किन गाड़ियों में मिल रहा है बीएस-6 इंजन
बीएस-4 VS बीएस-6
देश में इन दिनों बिकने वाली गाड़ियों में बीएस-4 इंजन आता है। बीएस-4 इंजन वाली गाड़ियां बीएस-3 इंजन के मुकाबले कम प्रदूषण फैलाती हैं। बीएस-4 इंजन वाली गाड़ियों से निकलने वाला धुआं आंख और नाक में जलन, सिरदर्द, फेंफड़ों में इन्फेक्शन जैसी समस्याओं को जन्म देता है। वहीं बीएस-6 ईधन से सल्फर की मात्रा बीएस-4 से 5 गुना तक कम होगी। बीएस-6 वाहनों में एडवांस एमीशन कंट्रोल सिस्टम फिट होगा। बीएस-6 लागू होने के बाद डीजल वाहनों से 68 प्रतिशत और पेट्रोल कारों से 25 प्रतिशत तक नाइट्रोजन ऑक्साइड का उत्सर्जन कम हो जाएगा।
बीएस-4 कार को अगर बीएस-6 फ्यूल पर चलाएं तो,
अगर आपके पास बीएस-4 कार है और आप उसमें बीएस-6 फ्यूल डलवाते हैं, तो
- -वह कम सल्फर पैदा करता है और पीएफ (पार्टिकूलेट फिल्टर) स्तर नीचे रहता है।
- सल्फर लेवल कम होने से कम एसिड बनेगा और इंजन ऑयल की लाइफ बढ़ेगी,
- इंजन की परफॉरमेंस बेहतर होगी।
- बीएस-6 फ्यूल ग्रेड के इस्तेमाल से गाड़ी का माइलेज बढ़ता है।
महंगी होंगी गाड़ियां
कंपनियां अब धीरे-धीरे अपनी गाड़ियों को बीएस-4 से बीएस-6 में अपग्रेड कर रही हैं। वहीं अपग्रेडशन के बाद गाड़ियों की कीमतों में बढ़ोतरी होना तय है। जहां पेट्रोल गाड़ियों की कीमतों में 10 से 15 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हो सकती है, वहीं डीजल गाड़ियों की कीमतें ढाई लाख रुपये तक बढ़ सकती हैं।
आगे पढ़ें इन गाड़ियों में आ रहे हैं बीएस-6 इंजन
मारुति ऑल्टो 800
मारुति ने हाल ही में अपनी एंट्री लेवल हैचबैक ऑल्टो में बीएस-6 इंजन दिया है। साथ ही मारुति ने ऑल्टो में नए सेफ्टी फीचर्स भी दिए हैं। नई ऑल्टो में एंटी लॉक ब्रेकिंग सिस्टम के साथ इलेक्ट्रॉनिक ब्रैक फोर्स डिस्ट्रीब्यूशन (ईबीडी), ड्राइवर साइड एयरबैग, स्पीड अलर्ट सिस्टम, ड्राइवर और को-ड्राइवर के लिए सीट बेल्ट रिमाइंडर, रिवर्स पार्किंग सेंसर जैसे फीचर्स को शामिल किया है।
मारुति सुजुकी ने नई ऑल्टो में 800 सीसी वाला बीएस-6 इंजन लगाया है, जो 48 पीएस की पावर और 69 एनएम का टॉर्क देता है। यह इंजन 5 स्पीड मैन्युअल गियरबॉक्स से लैस है। एक लीटर पेट्रोल में यह कार अब 24.7 किलोमीटर की माइलेज देती है, जबकि CNG मोड पर यह कार 33.44 किमी प्रति किग्रा का माइलेज देती है। नई ऑल्टो की कीमत 2,93,689 लाख रुपये से लेकर 3,71,709 लाख रुपये तक है।