स्टाइलिश बाइक्स के शौकीनों को ध्यान में रखते हुए कई कंपनियां इस साल नए-नए फीचर्स से लैस बाइक्स को लेकर भारतीय बाजार में दस्तक देने को तैयार हैं।रफ्तार के शौकीनों को इस साल भी हॉट और स्टाइलिश बाइक्स का इंतजार है। अगर आप भी इस तरह की बाइक को खरीदना चाहते हैं, लेकिन यह तय नहीं कर पा रहे हैं कि कौन-सी बाइक आपके लिए बेहतर होगी?
बाइक पर आपका सफर सुहाना बने, इस बात को ध्यान में रखते हुए हीरो, जावा, केटीएम, बजाज और बेनेली जैसी कई कंपनियां स्टाइलिश और हाईस्पीड बाइक्स के साथ इस साल भारतीय बाजार में दस्तक देंगी। इन बाइक्स को आपके बजट, पसंद और जरूरत के हिसाब से तैयार किया गया है।
जावा पेरेक
जावा ने भारतीय बाजार में फिर से वापसी कर ली है। यह प्रतिष्ठित ब्रांड भारत में महिंद्रा के स्वामित्व में है। जावा ब्रांड अब भारतीय बाजार में अपनी नई बाइक जावा पेरेक को लॉन्च करेगी। इस बाइक में 334 सीसी, सिगंल-सिलेंडर, लिक्विड-कूल्ड इंजन दिया जाएगा, जो 30 बीएचपी की पावर और 31 न्यूटन मीटर का टॉर्क जनरेट करता है। इस बाइक के रियर में मोनोशॉक यूनिट दी जाएगी, जबकि जावा और जावा 42 में ट्विन शॉक्स दिए गए हैं। इसमें दोनों साइड डिस्क ब्रेक्स व डुअल-चैनल एबीएस स्टैंडर्ड दिया जाएगा।
हीरो एक्सपल्स 200 और एक्सपल्स 200टी
हीरो एक्सपल्स 200टी एक टूअरर-फ्रेंडली वर्जन है, जो कि एक्सपल्स 200 पर आधारित है और यह एडवेंचर-रेडी वर्जन के साथ लॉन्च किया जाएगा। बाइक में इसके मैकेनिकल्स के साथ एक्सपल्स में 200 सीसी इंजन और फ्रेम, एलईडी हेडलैंप्स, सिंगल-चैनल एबीएस, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट कंसोल के साथ ब्लूटूथ कनेक्टिविटी आदि दिए जाएंगे।2019 एक्सपल्स 200टी में रिलेक्स्ड राइडिंग पॉजिशन, 30 मिमी लोअर ग्राउंड क्लियरेंस, टॉलर गियरिंग और नए हेंडलबार दिए जाएंगे। इसके अलावा इसमें लोग कैरिंग कैपेसिटी के साथ लगैज रैक भी दिया जाएगा। बाइक में छोटे 17-इंच के व्हील्स दिए जाएंगे।
बेनेली इम्पीरियल 400
इटली की बाइक निर्माता कंपनी बेनेली भारतीय बाजार में महावीर ग्रुप के साथ अपनी दूसरी पारी की शुरुआत करने जा रही है। बेनेली इम्पेरियल 400 को इस साल भारतीय बाजार में लॉन्च किया जाएगा। बेनेली इम्पेरियल 400 में 373.5 सीसी सिंगल-सिलेंडर, फ्यूल-इंजेक्टेड इंजन दिया गया है, जो 19 बीएचपी की पावर और 28 न्यूटन मीटर का टॉर्क जनरेट करता है। इसमें 41 मिमी टेलिस्कोपिक फ्रंट फॉर्क्स और ट्विन शॉक एब्जॉर्बर्स दिए जाएंगे। इसके अलावा बाइक में ब्रेकिंग ड्यूटीज के तौर पर ट्विन डिस्क दिए जाएंगे।
केटीएम 390 एडवेंचर
केटीएम के वैश्विक लाइन-अप में 390 एडवेंचर ने उत्साही लोगों को लंबे समय तक छोड़ दिया, लेकिन अब यह बाइक इस साल लॉन्च होने की तैयारी कर रही है। केटीएम इंडिया ने इस बात की पुष्टि कर दी है कि कंपनी 390 एडवेंचर को इस साल लॉन्च करने जा रही है। बाइक में नए रियर सबफ्रेम, ज्यादा ग्राउंड क्लीयरेंस, डुअल पर्पज टायर्स और 373 सीसी सिंगल सिलेंडर से लिया गया रिवाइज्ड पावर आउटपुट होगा।