कोरोना काल में हर किसी की निगाहें वाहन कंपनियों की जुलाई सेल्स रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं। दरअसल लॉकडाउन के बाद मई और जून महीना आटो सेक्टर को पटरी पर वापस आने में लग गया। ऐसे में वाहन कंपनियों से लेकर आटो एक्सपर्ट्स तक की गणित जुलाई महीने की सेल्स रिपोर्ट पर टिकी हैं। बिक्री की बात करें तो जून महीने के मुकाबले जुलाई महीने में सुधार देखने को मिला है, लेकिन अगर पिछले साल से तुलना करें तो ज्यादा तर वाहन कंपनियों की बिक्री में गिरावट दर्ज की गई है। आज हम आपको मारुति सुजुकी, ह्यूंदै, एमजी मोटर और टोयोटा किर्लोस्कर की जुलाई 2020 में हुई बिक्री के बारे में बताने जा रहे हैं। तो डालते हैं एक नजर,
कोरोना के झटके से कितना संभली कार कंपनियां, जानें जुलाई महीने में कैसी रही बिक्री
Maruti Suzuki
देश की सबसे बड़ी कार कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया (एमएसआई) की जुलाई 2020 में कुल बिक्री 1.1 प्रतिशत घट गई। इस दौरान कंपनी ने 1,08,064 इकाइयों की बिक्री की। वहीं, जुलाई 2019 में कंपनी ने 1,09,264 वाहन बेचे थे। हालांकि, कंपनी की तरफ से शनिवार को बताया गया है कि जुलाई 2020 में घरेलू बाजार में उसकी बिक्री 1.3 फीसदी बढ़ी है, जहां इस महीने कंपनी ने 1,01,307 इकाइयों की बिक्री की। वहीं, जुलाई 2019 में कंपनी ने भारतीय बाजार में 1,00,006 इकाइयों की बिक्री की थी।
मिनी कार सेगमेंट की बात करें तो जुलाई 2020 में मारुति की आल्टो और वैगन-आर की बिक्री 49.1 फीसदी बढ़ी है, जहां ग्राहकों ने इनके 17,258 यूनिट्स को खरीदा है। जुलाई 2019 में इन कारों के 11,577 यूनिट्स बिके थे। हालांकि, कॉम्पैक्ट सेगमेंट में कंपनी की स्विफ्ट, सेलेरियो, इग्निस, बलेनो और डिजायर की बिक्री इस दौरान 10.4 प्रतिशत घटकर 51,529 इकाई रह गई। जुलाई 2019 में यह आंकड़ा 57,512 इकाइयों का था।
जुलाई 2020 में मिड साइज सेडान मारुति सियाज की बिक्री घटकर 2,397 इकाई से 1,303 इकाई रह गई। हालांकि, यूटिलिटी वाहनों के सेगमेंट में विटारा ब्रेजा, एस-क्रॉस और एर्टिगा की बिक्री 26.3 प्रतिशत बढ़ी है, जहां इनके 19,177 यूनिट्स की बिक्री हुई। जुलाई, 2019 में इनके 15,178 इकाइयों को ग्राहकों ने खरीदा था।
जुलाई 2020 में कंपनी का निर्यात 27 प्रतिशत घटा है। इस दौरान कंपनी ने 6,757 वाहनों की भारत से बाहर बिक्री की है, जबकि, जुलाई 2019 में कंपनी ने 9,258 वाहनों का निर्यात किया था।
Hyundai Motor India
ह्यूंदै मोटर इंडिया लिमिटेड (एचएमआईएल) की जुलाई 2020 में में 28 फीसदी बिक्री घटी है, जहां इसके 41,300 यूनिट्स बिके। कंपनी ने जुलाई 2019 में अपने 57,310 वाहनों की बिक्री की थी। भारतीय बाजार में ह्यूंदै की बिक्री दो फीसदी घटी है, जहां कंपनी ने 38,200 यूनिट्स की बिक्री की है। जुलाई, 2019 में कंपनी ने 39,010 वाहनों की घरेलू बाजार में बिक्री की थी।
इस दौरान कंपनी के निर्यात पर भी असर पड़ा है। जुलाई 2020 में कंपनी का 83 फीसदी एक्सपोर्ट घटा है, जहां ह्यूंदै के 3,100 यूनिट्स भारत के बाहर बिके हैं। जुलाई 2019 में कंपनी ने 18,300 वाहनों का निर्यात किया था।
MG Motor
एमजी मोटर इंडिया की जुलाई 2020 में 40 फीसदी खुदरा बिक्री बढ़ी है। इस दौरान कंपनी ने अपने 2,105 यूनिट्स की बिक्री की है। जुलाई 2019 में कंपनी ने 1,508 वाहन बेचे थे।
Toyota Kirloskar
टोयोटा किर्लोस्कर मोटर (टीकेएम) की जुलाई 2020 में घरेलू बाजार में 48.32 फीसदी बिक्री घट गई है। जुलाई महीने में कंपनी ने 5,386 इकाइयों की बिक्री की है। वहीं, जुलाई 2019 में कंपनी ने घरेलू बाजार में 10,423 वाहन बेचे थे।