कोरोना काल में एअरबॉर्न वायरस का खतरा: कार में एअर प्यूरिफायर लगाने से होंगे कई फायदे
महामारी के इस दौर में अपने निजी कार में जो सावधानी रखी जा सकती है, वो है कार में एअर प्यूरिफायर लगवाना। यहां हम आपको बता रहें हैं कार में एअर प्यूरिफायर लगवाने के क्या फायदे हैं।
विस्तार
Car Air purifier: शहरों में वाहनों की बढ़ती संख्या, दम घोंटू ट्रैफिक और वायु प्रदूषण पहले से ही समस्या बने हुए हैं। अब कोरोना महामारी के बढ़ते प्रकोप के बीच एअरबॉर्न वायरस यानी हवा जनित वायरस भी सेहत के लिए खतरे की घंटी हैं। सार्वजनिक परिवहन में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने की समस्या और कोविड-19 संक्रमण फैलने का खतरा बना हुआ है। लेकिन जरूरी सफर करने के लिए निजी वाहन भी खतरे से खाली नहीं है। ऐसे में अपने निजी कार में जो सावधानी रखी जा सकती है, वो है कार में एअर प्यूरिफायर लगवाना। यहां हम आपको बता रहें हैं कार में एअर प्यूरिफायर लगवाने के क्या फायदे हैं।
लंबे सफर के दौरान अमूमन कार की खिड़की बंद रखी जाती है। जब लंबे सफर के दौरान हम अपने कार की खिड़की बंद करके रखते हैं, तो इसकी आशंका बनी रहती है कि कार के अंदर कार्बन-डाइ-ऑक्साइड ज्यादा मात्रा में ना जमा हो जाए। एअर प्यूरिफायर केबिन की हवा को साफ करता है। जिससे कार में सवार लोगों को सांस लेने में कोई दिक्कत नहीं होती।
पेट्रोल-डीजल, सीएनजी जैसे ईंधन और गाड़ी के पुर्जों की गंध भी केबिन के अंदर का प्रदूषण बढ़ाती है। अगर साथी पैसेंजर धुम्रपान करता है तो कार के अंदर की हवा की स्थिति काफी बुरी हो जाती है। प्यूरिफायर से ना सिर्फ घुम्रपान की गंध चली जाएगी, बल्कि केमिकल की बदबू से भी छुटकारा मिलेगा। केबिन में अरसे से बसी तमाम गंध इससे दूर हो जाती हैं।
पॉल्यूटेंट्स, तरल हो सकते हैं.. ठोस भी और गैस के रूप में भी। कुछ प्रकृति में पहले से हैं और कुछ इंसानों द्वारा बनाई हुई हैं। हर बार जब हम कार की खिड़की का कांच नीचे करते हैं तो इन पॉल्यूटेंट्स को कार केबिन में घुसने का मौका मिल जाता है। अंदर आने के बाद इनसे हुई एलर्जी से सांस संबंधी दिक्कतें बढ़ जाती हैं। हेपा फिल्टर इन पॉल्यूटेंट्स को दूर कर लेता है। जिसका फायदा यह होता है कि केबिन की हवा साफ रहती है।
धूल, पोलेन वगैरह किसी भी एलर्जी को बढ़ा सकते हैं। हालात तब और बुरे हो सकते हैं जब आप कार में बच्चों या बुजुर्गों के साथ सफर कर रहे हैं। अगर एअर प्यूरिफायर लगा है तो आप बेफिक्र हो सकते हैं कि कार के अंदर की हवा साफ-सुथरी है और एलर्जी फैलाने वाले कणों से मुक्त है। ज्यादातर एअर प्यूरिफायर्स में एडवांस्ड हेपा फिल्टर्स होते हैं जो कार के अंदर हवा को 99 फीसद तक शुद्ध कर सकते हैं।
अगर आपके घर में पालतू जानवर (पेट्स) हैं, तो जाहिर तौर पर आप उनके साथ भी सफर करते होंगे। आपको उनके साथ सफर मजेदार तो लगता होगा, लेकिन जितनी बार भी ये पालतू जानवर आपकी कार में घुसते हैं, वे उतनी बार अपनी डेड स्किन, फर और बाल केबिन में गिरा जाते हैं जिससे केबिन प्रदूषित होता है। एअर प्यूरिफायर इनसे भी मुक्ति दिलाता है।