Vastu Tips For Kitchen : वास्तु शास्त्र में रसोई घर का महत्वपूर्ण स्थान होता है। रसोई एक ऐसा स्थान होता है, जहां पर परिवार के सभी सदस्यों के लिए भोजन बनता है। वास्तु के अनुसार कहा जाता है कि यदि इस स्थान पर कोई दोष हो तो इसका प्रभाव खाना बनाने वाले के साथ ही पूरे परिवार पर भी पड़ता है। रसोई की गलत दिशा घर की सुख शांति को कम कर सकती है और घर के सदस्यों के बीच लड़ाई का कारण बन सकती है। इसके अलावा रसोई में भोजन बनाते समय मुख सही दिशा में न हो तो परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में वास्तु शास्त्र के अनुसार चलिए जानते हैं कि घर की किस दिशा में रसोई होना चाहिए और कहां गैस स्टोव रखना चाहिए...
पढ़ें- राशिफल 2023 । अंकज्योतिष राशिफल 2023
वास्तु के अनुसार रसोई घर की दिशा
- वास्तु जानकारों का मानना है कि किचन की दिशा का निर्धारण किया जाता है तो घर में सकारात्मक ऊर्जा का निवास होता है।
- वास्तु शास्त्र के अनुसार घर में पृथ्वी, आकाश, वायु, अग्नि और जल के तत्वों का उचित संतुलन होना चाहिए।
- अग्नि स्रोतों का स्थान दक्षिण-पूर्व दिशा में होना चाहिए।
- रसोई का स्थान घर के दक्षिण-पूर्व कोने में होना चाहिए। साथ ही खाना बनाते समय पूर्व दिशा की ओर मुख करना चाहिए।
- वहीं सिंक रसोई के उत्तर-पश्चिम क्षेत्र में रखा जाना चाहिए।
- उत्तर-पूर्व दिशा में पानी के बर्तनों और जल शोधक को रखा जाना चाहिए।
- अच्छी, विशाल और अव्यवस्था मुक्त रसोई अच्छी सेहत और समृद्धि के लिए जरूरी है।
- रसोई में खिड़कियां होनी चाहिए और किचन हवादार होना चाहिए, जिसमें पर्याप्त रोशनी होनी जरूरी है।
- इसके अलावा अनाज को रखने करने का स्थान किचन के पश्चिम और दक्षिण की दीवारों की तरफ होना चाहिए।
रसोई घर में गैस स्टोव रखने की दिशा
- वास्तु शास्त्र के अनुसार, गैस स्टोव को रसोई के दक्षिण-पूर्व कोने में ही रखा जाना चाहिए।
- रसोई में अग्नि तत्व होने के नाते, ये उस कोने में होना चाहिए जहां अग्नि के देवता मौजूद हों।
- वहीं खाना बनाने वाले सदस्य का मुंह पूर्व दिशा की ओर होना चाहिए।
- आपका गैस स्टोव पूर्व की ओर रखा जाना चाहिए।
- वास्तु जानकारों की मानें तो खाना बनाते समय खाना बनाने वाले का मुंह पश्चिम दिशा की ओर होने से स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्याएं हो सकती हैं।
- वहीं दक्षिण की ओर मुंह करने से वित्तीय समस्याएं हो सकती हैं।
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): ये खबर लोक मान्यताओं पर आधारित है। इस खबर में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है।