Vyatipat Yoga: वैदिक ज्योतिष में सूर्य और चंद्रमा जब एक विशेष दूरी या स्थितियों में आमने-सामने आते हैं, तो व्यतिपात योग बनता है। यह योग शुभ नहीं माना जाता। 5 मई 2025, सोमवार को सुबह 10:12 बजे से सूर्य और चंद्रमा के बीच व्यतिपात योग का आरंभ होगा, जिसका प्रभाव कुछ राशियों पर खास तौर पर देखने को मिल सकता है। मान्यता है कि जब यह योग बनता है, तब जीवन में अनचाही घटनाएं, जैसे दुर्घटनाएं, मानसिक तनाव, कार्यों में विघ्न और अचानक आने वाली आर्थिक चुनौतियाँ बढ़ सकती हैं। यह योग व्यक्ति की निर्णय क्षमता को भी प्रभावित करता है, जिससे वह जल्दबाज़ी में गलत फैसले ले सकता है।
Vyatipat Yoga: सूर्य-चंद्र के दुर्लभ व्यतिपात योग से प्रभावित होंगी ये राशियां, करियर पर पड़ेगा सीधा असर
Surya-Chandra Vyatipata Yoga: 5 मई 2025, सोमवार को सुबह 10:12 बजे से सूर्य और चंद्रमा के बीच व्यतिपात योग का आरंभ होगा, जिसका प्रभाव कुछ राशियों पर खास तौर पर देखने को मिल सकता है।
वृषभ राशि
5 मई से बन रहा सूर्य-चंद्र व्यतिपात योग वृषभ राशि के जातकों के लिए मानसिक अस्थिरता और कार्यक्षेत्र में असमंजस की स्थिति ला सकता है। विशेषकर वे लोग जो नौकरी में हैं, उन्हें अपने अधिकारियों के साथ संबंधों में खटास का सामना करना पड़ सकता है। टीमवर्क में बाधाएं आ सकती हैं, जिससे महत्वपूर्ण कार्यों में देरी संभव है। जो लोग व्यापार से जुड़े हैं, उन्हें पुराने सौदों से नुकसान उठाना पड़ सकता है या पहले से किए गए निवेश से अपेक्षित मुनाफा नहीं मिलेगा। इस समय नया निवेश करने से बचें और किसी भी आर्थिक योजना पर निर्णय लेने से पहले अनुभवी व्यक्ति से सलाह लें। आर्थिक अस्थिरता आत्मविश्वास को प्रभावित कर सकती है, इसलिए मानसिक संतुलन बनाए रखना ज़रूरी होगा।
कर्क राशि
कर्क राशि के जातकों को इस व्यतिपात योग के कारण खास सतर्क रहने की जरूरत है, क्योंकि इसका सीधा असर इनके पारिवारिक और भावनात्मक जीवन पर पड़ सकता है। घर-परिवार में किसी बात को लेकर अनबन हो सकती है, जो आपके मन को बेचैन बना सकती है। दफ्तर में मेहनत के बाद भी मान-सम्मान या परिणाम उम्मीद के अनुरूप नहीं मिलेंगे, जिससे मन में निराशा घर कर सकती है।
जो लोग व्यवसाय में हैं, उनके लिए ये समय साझेदारों के साथ संबंधों को लेकर कुछ उलझनों से भरा रह सकता है। साझेदारी में भ्रम की स्थिति बनी रह सकती है, जिससे गलत फैसले हो सकते हैं। साथ ही, पहले से किसी बड़े प्रोजेक्ट में लगाई गई राशि से लाभ की बजाय हानि का सामना करना पड़ सकता है।
वृश्चिक राशि
वृश्चिक राशि के जातकों के लिए सूर्य-चंद्र व्यतिपात योग करियर और पेशेवर संबंधों में तनाव पैदा कर सकता है। नौकरीपेशा लोगों को इस समय सहकर्मियों और वरिष्ठों के साथ टकराव जैसी स्थिति का सामना करना पड़ सकता है, जिससे उनकी प्रोफेशनल इमेज पर असर पड़ सकता है। किसी परियोजना में देरी या उसके रुकने की स्थिति बन सकती है। व्यापारियों के लिए यह समय और अधिक संवेदनशील है। यदि आपने हाल ही में किसी नए अनुबंध पर हस्ताक्षर किए हैं या किसी नई डील में निवेश किया है, तो वहां नुकसान की संभावना प्रबल हो सकती है। मानसिक तनाव आपके निर्णय लेने की क्षमता को प्रभावित कर सकता है, जिससे गलत फैसले संभव हैं। इस समय आपको चाहिए कि आप हर निर्णय बहुत सोच-समझकर लें और किसी अनुभवी व्यक्ति से मार्गदर्शन अवश्य प्राप्त करें।
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं, ज्योतिष, पंचांग, धार्मिक ग्रंथों आदि पर आधारित है। यहां दी गई सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है।