Rahu Transit In Taurus: बुधवार, 23 सितंबर से छाया ग्रह माने जाने वाले राहु अपनी राशि बदल रहे हैं। राहु करीब 18 महीनों के बाद मिथुन राशि को छोड़कर वृषभ राशि में प्रवेश करेंगे। राहु वृषभ राशि में 18 महीनों तक वक्री चाल से चलेंगे। राहु हमेशा वक्री चाल से चलते हैं। ज्योतिषशास्त्र में राहु का विशेष स्थान होता है। राहु के कुंडली में अशुभ भाव में बैठने से तमाम तरह की परेशानियां आरंभ हो जाती है। लेकिन वहीं अगर राहु किसी की कुंडली में शुभ भाव में आकर बैठते हैं तो वह व्यक्ति अपने जीवन में सभी तरह के वैभव और सुख को प्राप्त करता है। राहु 23 सितंबर की दोपहर 12 बजकर 50 मिनट पर वृषभ राशि में प्रवेश कर जाएंगे। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार राहु का वृषभ राशि में गोचर बलवान माना जाता है। राहु वृषभ राशि के स्वामी हैं। राहु के 18 महीनों के बाद राशि परिवर्तन का सभी 12 राशियों पर कैसा प्रभाव पड़ेगा।
मेष राशि- राहु,आपकी राशि से दूसरे भाव में यानी धन भाव में जा रहे हैं। राहु का धन भाव में प्रवेश आपके लिए सफलता के कई द्वार खोलेगा। आकस्मिक धन की प्राप्ति होने के साथ काफी दिनों का रुका हुआ धन भी वापस आने की उम्मीद रहेगी। महंगी वस्तुओं का क्रय लग्जरी जीवन व्यतीत करेंगे। मकान अथवा वाहन खरीदने का संकल्प पूर्ण हो सकता है। अपनी जिद एवं आवेश पर नियंत्रण रखते हुए कार्य करेंगे तो सफलता की संभावना सर्वाधिक रहेगी। कार्य व्यापार में अच्छी उन्नति के योग बन रहे हैं।
वृषभ राशि- राहु का प्रवेश वृषभ राशि में हो रहा है। राहु आपकी राशि के पहले भाव में यानी लग्न भाव में प्रवेश करेंगे। जिस कारण से आपको यह परिवर्तन अप्रत्याशित परिणाम दिलाने वाला सिद्ध होगा। कार्य व्यापार में उन्नति होगी। नौकरी में पदोन्नति और नए अनुबंध की प्राप्ति के भी योग बनेंगे। स्थान परिवर्तन भी चाह रहे हों तो प्रयास करें। केंद्र अथवा राज्य सरकार के विभागों में रुके हुए हैं कार्यो का निपटारा होगा। विद्यार्थियों के लिए समय अपेक्षाकृत और अनुकूल रहेगा। चुनाव से संबंधित निर्णय लेना चाह रहे हों तो आगे बढ़ें परिणाम अनुकूल रहेगा।
मिथुन राशि- करीब 18 महीनों तक राहु आपकी राशि में रहने के बाद 23 सितंबर को बाहर निकलने वाले हैं। ऐसे में आपकी राशि से बारहवें भाव में राहु का प्रवेश अधिक खर्च करवाएगा। वाहन सावधानी पूर्वक चलाएं व्यर्थ विवाद से बचें। कोर्ट कचहरी के मामले भी बाहर ही सुलझा लें तो बेहतर रहेगा। उच्चाधिकारियों से संबंध बिगड़ने न दें। विद्यार्थियों को परीक्षा में अच्छे अंक लाने के लिए कठिन प्रयास करने पड़ेंगे। विदेशी नागरिकता के लिए भी आवेदन करना चाहें तो भी अवसर अनुकूल रहेगा किंतु कष्टप्रद यात्रा करनी पड़ सकती है।
कर्क राशि- राहु आपकी राशि से 11वें भाव पर वक्री हो रहे हैं। लाभ भाव में राहु का गोचर आपके लिए बहुत ही शुभ रहने वाला होगा। इस स्थान पर गोचर करते हुए राहु जातक के सभी समस्याओं का हल करते हैं और विषम परिस्थितियों से निकाल कर उसे सफलता के सर्वोच्च शिखर पर पहुंचाते हैं। अन्य ग्रहों की भी गोचर स्थितियां आपकी सफलता के अच्छे संकेत दे रही हैं।