{"_id":"5ee61d078ebc3e42ec149d6f","slug":"old-man-killed-with-sharp-weapons","type":"story","status":"publish","title_hn":"धारदार हथियार से बुजुर्ग की हत्या, अंधविश्वास के चक्कर में वारदात को अंजाम देने की आशंका","category":{"title":"City and States Archives","title_hn":"शहर और राज्य आर्काइव","slug":"city-and-states-archives"}}
धारदार हथियार से बुजुर्ग की हत्या, अंधविश्वास के चक्कर में वारदात को अंजाम देने की आशंका
Sun, 14 Jun 2020 06:20 PM IST
स्वाधीन तिवारी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सोनभद्र
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सोनभद्र
Published by: स्वाधीन तिवारी
Updated Sun, 14 Jun 2020 06:20 PM IST
विज्ञापन
सोनभद्र जिले के शाहगंज थाना क्षेत्र के राजपुर गांव में शनिवार की रात धारदार हथियार से बसंतू चौरसिया (70) की हत्या कर दी गई। जिस समय यह घटना हुई वह रात में खाना खाने के बाद खेत में बने मकान में सोने जा रहे थे। प्रकरण में मृतक के भांजे महेंद्र चौरसिया की तहरीर पर गांव के दो लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ओझाई के चक्कर में हत्या की आशंका जता रही है।
विज्ञापन
शनिवार की रात 11 बजे के लगभग बसंतू चौरसिया खाना खाने के बाद घर से खेत पर बने मकान में सोने के लिए जा रहे थे। काफी देर तक खेत में बने घर पर नहीं पहुंचने पर उनके बहनोई और परिजन खोजने निकले तो गांव के वोडाफोन टावर के पास वह औंधे मुंह खून से लथपथ पड़े दिखे। सिर में गहरा घाव लगा था जिससे उनकी मृत्यु हो चुकी थी।
विज्ञापन
यह देखकर परिजनों के होश उड़ गए। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। शाहगंज थानाध्यक्ष ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। रविवार को जिला अस्पताल में पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा कर घरवालों को सुपुर्द कर दिया। थाना प्रभारी भुवनेश्वर पांडेय के मुताबिक रात में ही मृतक के भांजे महेंद्र चौरसिया की तहरीर पर गांव के दो लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
विज्ञापन
मृतक की कोई अपनी संतान नहीं है। वह युवावस्था से राजपुर में ही अपनी बहन के घर रहते थे। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला अंधविश्वास का लग रहा है। बसंतू ओझाई का काम करते थे। आरोपियों के परिवार के एक बच्चे की करीब एक साल पहले हादसे में मौत हो गई थी। आरोपियों के परिवार का एक सदस्य भी बीमार चल रहा था। आरोपियों को शक था कि ओझा के चक्कर में उनके परिवार के सदस्यों की यह स्थिति चल रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।