{"_id":"cb9b3ef62783e8cd119c8b00c37294b4","slug":"24-hours-off-road-to-pithoragarh-almora-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"पिथौरागढ़-अल्मोड़ा मार्ग 24 घंटे बंद रहा","category":{"title":"City and States Archives","title_hn":"शहर और राज्य आर्काइव","slug":"city-and-states-archives"}}
पिथौरागढ़-अल्मोड़ा मार्ग 24 घंटे बंद रहा
ब्यूरो/पिथौरागढ़
Updated Thu, 26 Mar 2015 11:13 PM IST
विज्ञापन
बुधवार शाम हुई भारी बारिश के कारण पिथौरागढ़-अल्मोड़ा मार्ग पर यातायात 24 घंटे तक बंद रहा। टनकपुर-तवाघाट मार्ग पर मीना बाजार, कंतगांव, मटेला के पास आए मलबे को प्रशासन ने प्राइवेट जेसीबी लगाकर रात दो बजे हटा लिया था। तब तक यात्री मीना बाजार, कंतगांव और मटेला में फंसे रहे। उधर, अल्मोड़ा जाने वाली सड़क पर घाट से पनार के बीच आठ स्थानों पर भारी मलबा पट गया। यह सड़क बृहस्पतिवार को पूरे दिन बंद रही। पनार से गंगोलीहाट जाने वाली सड़क पर कई स्थानों पर मलबा पट गया। इस कारण पिथौरागढ़ और गंगोलीहाट के बीच वाहनों की आवाजाही ठप रही।
विज्ञापन
अचानक आई बारिश ने सड़कों की हालत की पोल खोल दी है। टनकपुर से पिथौरागढ़ तक की सड़क से अब सीमा सड़क संगठन ने अपने मजदूर हटा दिए हैं, लेकिन एनएच ने अपने मजदूर अब तक तैनात नहीं किए हैं। इस कारण यह सड़क लावारिस हाल में है। बुधवार शाम जब यह मुख्य सड़क बंद हो गई तो प्रशासन ने प्राइवेट जेसीबी की मदद मलबा हटाने का काम शुरू किया। इस काम को शुरू करने में रात के नौ बज गए थे। आधी रात के बाद दो बजे जब सड़क से मलबा हटा तब जाकर वाहन और यात्री गंतव्य को रवाना हुए।
विज्ञापन
पिथौरागढ़ से अल्मोड़ा जाने वाली रोड में मलबा हटाने का काम आज सुबह से शुरू हुआ। पूरे दिन इस सड़क पर दर्जनों वाहन फंसे रहे। अपर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने बताया कि मलबा हटाने के लिए दोनों ओर से जेसीबी लगाई गई है। गुरना-बेड़ा, चुपकोट-सिमली सड़क भी मलबा आने से बंद हो गई है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी डा. आरएस राणा ने बताया कि बारिश और अंधड़ का असर जिले के दक्षिणी हिस्से में अधिक हुआ।
विज्ञापन