साहून गैंग से मुढभेड़, पुलिस के घेरे से निकल भागा एक लाख का इनामी साहून
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बुधवार देर शाम थाना छाता के गांव दौताना में यूपी, हरियाणा व राजस्थान में आतंक का पर्याय बने साहून और उसके गैंग से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। दोनों से ओर से हुई आमने-सामने की फायरिंग में थाना छाता पर तैनात एचसीपी (हेड कांस्टेबिल प्रोन्नत) महेश बाबू छर्रे लगने से घायल हो गए। उनके घायल होने के बाद बदमाश फायरिंग करते हुए स्कार्पियो से फरार हो गए।
पुलिस बदमाशों की तलाश में कांबिंग कर रही हैं। साहून पर करीब एक लाख का इनाम बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि हरियाणा पुलिस की दो गाड़ियां साहून का पीछा कर रही थी। इसकी सूचना पर थाना छाता पुलिस ने भी घेराबंदी करते हुए गांव दौताना में चेकिंग करनी शुरू कर दी। इसी दौरान एक स्कार्पियो में सवार बदमाशों ने पुलिस को देखकर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने भी मोर्चा संभालते हुए फायरिंग की और पुलिस कंट्रोल को सूचना देकर फोर्स मांगी। इस दौरान बदमाशों की फायरिंग में महेश बाबू घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। सीओ छाता पीयूष कुमार यादव एवं कोतवाली प्रभारी छाता और अन्य थानों का फोर्स जब तक यहां पहुंचा, तब तक बदमाश स्कार्पियो लेकर फरार हो गए। फरार हुए बदमाशों साहून भी बताया जा रहा है।
दो राज्यों की पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया साहून
साहून पर मथुरा पुलिस ने 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया हुआ है। हरियाणा और राजस्थान पुलिस की ओर से घोषित इनाम मिलाकर उसकी गिरफ्तारी पर करीब एक लाख रुपये का इनाम घोषित है।गांव विशभंरा से साहून गैंग के पीछे हरियाणा पुलिस की दो गाड़ियां लगी हुई थी, जो कि साहुन गैंग को घेरकर पकड़ना चाहती थी।
दौताना के समीप छाता पुलिस से हुई आमने-सामने की मुठभेड़ के दौरान पुलिस की घेराबंदी तोड़कर साहुन गैंग भागने में सफल रहा, हरियाणा पुलिस के हाथ भी असफलता ही हाथ लगी है। बताया जा रहा है कि हरियाणा पुलिस को सूचना मिली थी कि साहून गैंग किसी बड़ी वारदात को करने की फिराक में है।
सूचना मिलने के बाद नाकेबंदी कर ली गई थी। लेकिन बदमाश सारी नाकेबंदी को तोड़कर मथुरा जिले में पहुंच गए। साहून गैंग पर उत्तर प्रदेश के साथ ही हरियाणा और राजस्थान में भी मुकदमे दर्ज हैं। पिछले दिनों भी साहून गैंग और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई थी। उस दौरान भी साहून पुलिस से बच निकला था। उसकी गिरफ्तारी पर तीन राज्यों की पुलिस करीब एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर चुकी है।