रोड शो से कांग्रेसियों में जोश भर गए राहुल, हर चौक चौराहे पर हुआ जोरदार स्वागत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
किसान यात्रा के दौरान रोड शो तो एक बहाना था। इसके जरिये कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पूर्वांचल में अपनी बढ़ती साख दिखा गए। गोरखपुर की सड़कों पर लंबे अरसे बाद इतनी संख्या में कांग्रेसियों के इकट्ठा होने से सभी जोश में थे। ढोल-नगाड़ों की थाप पर झूमते-नाचते कांग्रेसियों ने राहुल गांधी का जोरदार स्वागत किया। निर्धारित समय से दो घंटे देर से पहुंचने के बाद भी रोड शो में हजारों की संख्या में कांग्रेसी शामिल हुए।
राहुल का रोड शो दो घंटे देर से 12.30 बजे शुरू हुआ। प्रारंभ में जिलाध्यक्ष डॉ. सैयद जमाल, गोरखलाल श्रीवास्तव, डॉ. प्रदीप पांडेय, गोरखलाल श्रीवास्तव समेत कई लोगों ने उनका स्वागत किया। आगे-आगे कांग्रेसी और पीछे हंटर गाड़ी में सवार राहुल गांधी लोगों का अभिवादन स्वीकार करते हुए गणेश चौराहे की ओर बढ़ गए। इसके बाद रोड शो गोलघर, कचहरी चौराहा होता हुआ टाउन हाल स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा तक पहुंचा। राहुल गांधी गाड़ी से बाहर निकले और महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माला चढ़ाई।
इसके बाद रोड शो घोष कंपनी पर पहुंचा। वहां कांग्रेसियों ने राहुल से मंच पर आकर संबोधित करने का आग्रह किया। पहले तो राहुल गांधी ने अपनी गाड़ी से ही माइक से बोलने की कोशिश की, लेकिन माइक खराब होने पर वह मंच पर पहुंच गए। यहां उन्होंने केंद्र सरकार को अमीरों की सरकार बताया और कहा कि गरीबों की सरकार को कोई फिक्र नहीं है। हम केंद्र सरकार पर दबाव देने निकले हैं। हमारी सरकार आएगी तो किसानों का कर्जा माफ कर देगी।
मौसम ने भी दिया साथ
अभी तो केंद्र सरकार अमीरों का कर्जा माफ करने में लगी हुई है। इसके बाद वो जिला अस्पताल होते हुए शास्त्री चौराहे पहुंचे। वहां भी उन्होंने केंद्र सरकार पर जोरदार हमला किया। वहां से काफिला अंबेडकर चौराहा पहुंचा, जहां उन्होंने डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद वह रुस्तमपुर ढाला होते हुए सहजनवां निकल गए।
इस दौरान राष्ट्रीय सचिव प्रकाश जोशी, नसीब सिंह, राणा गोस्वामी, ईश्वर चंद्र शुक्ला, प्रदीप कुमार पांडेय, अरुण कुमार अग्रहरी, जितेंद्र कुमार पांडेय, मनोज श्रीवास्तव, संतोष प्रताप सिंह, संजय सिंह, माधव पासवान, सुरेश चौधरी, विवेक कुमार श्रीवास्तव, मदन त्रिपाठी, शैलेष उपाध्याय, पूनम गुप्ता, अखिल प्रताप सिंह, ललितेस पति त्रिपाठी, राजेश मिश्रा, कमल किशोर कमांडो, सिद्धार्थ प्रिय श्रीवास्तव, डॉ. सुरहीता करीम, डॉ. विजाहत करीम, दिलीप कुमार निषाद, बालमुकुंद पांडेय, गोपाल गांधी आदि मौजूद थे।
रोड शो के पहले विश्वविद्यालय चौराहे पर इकट्ठा हुए कांग्रेसी गर्मी और उमस से पस्त थे। सभी छांव की तलाश में थे। इसके बाद जैसे ही रोड शो शुरू हुआ मौसम भी सुहाना हो गया। करीब दो घंटे तक चले रोड शो के दौरान आसमान में बादल छाए रहे।
सड़क के दोनों तरफ लगी लोगों की भीड़
रोड शो के दौरान सड़क के दोनों और लोगों की भीड़ थीष लोगों ने राहुल गांधी का अभिवादन किया तो उन्होंने भी हाथ हिला-हिलाकर जवाब दिया। इस दौरान कोई सेल्फी खींचने में लगा था तो कोई राहुल गांधी की फोटो खींचने में। यहां तक कि छतों, बालकनियों से लोग न सिर्फ राहुल गांधी को देख रहे थे बल्कि उनकी फोटो भी खींच रहे थे।
आटोग्राफ लेने के लिए उमड़े विद्यार्थी
गोरखपुर। गोलघर से लेकर सेंट एंड्रयूज कॉलेज तक कई जगहों पर छात्र-छात्राएं कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी का आटोग्राफ लेने के लिए उमड़ पड़े। इनमें से कई को तो राहुल ने खुद ही बुलाकर आटोग्राफ दिए।
समर्थकों के साथ नेताओं ने दिखाया दमखम
गोरखपुर। रोड शो के दौरान सभी नेता राहुल गांधी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित करने में लगे रहे। राणा राहुल सिंह, दिलदार हुसैन, अनवर हुसैन, जियाउद्दीन अंसारी, बाबा तिवारी, अजय कुमार मिश्रा, अमित तिवारी, दयासिंह दुसाध समेत कई कांग्रेसियों ने अपने-अपने समर्थकों के साथ गाजे-बाजे, हाथी-घोड़े के साथ पहुंचे। हालांकि इसके बाद पीके की टीम ने हाथी, घोड़ा, ढोल नगाड़ों को वापस करा दिया।
किसी ने ज्ञापन दिया तो किसी ने स्वागत किया
रोड शो के दौरान हरेक चौक-चौराहे पर लोगों ने राहुल गांधी का स्वागत किया। साथ ही उन्हें ज्ञापन दिया। शरद कुमार सिंह के नेतृत्व में लोगों ने पूर्वांचल में इंसेफेलाइटिस के इलाज के लिए समुचित व्यवस्था कराने की मांग की। इस दौरान राजेंद्र सिंह, शत्रुघ्न कुमार, इश्तेयाक अहमद, गोपाल राही, छोटे सिंह, तेज बहादुर पांडेय, पूर्णमासी परब, लक्ष्मीदास आदि मौजूद थे।
नौसड़ चौराहे पर अनुसूचित जाति विभाग के जिलाध्यक्ष रामचंदर गौतम, प्रमोद कुमार, ओमहरी ने स्वागत किया। राजेश तिवारी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने चेतना तिराहे पर स्वागत किया। इस दौरान महेंद्र तिवारी, संजय पांडेय, रत्नेश पांडेय, हरिराम, विनोद पांडेय, श्रीश उपाध्याय, आशुतोष सिंह, विकास सिंह, चंद्रभान यादव, बलवीर यादव, हरिओम मिश्रा आदि मौजूद थे। महिला अस्पताल के सामने असलम खां, डॉ. नदीम, सैयद इश्त्याक अहमद, जमीन अहमद, नंदलाल अग्रहरी, रईस अहमद खान, अलिफ खान पठान, मो. अशरफ आलम खां ने स्वागत किया।
अखिल भारतीय पासी समाज की ओर से गोलघर में स्वागत किया गया। इस दौरान महादेव प्रसाद वर्मा, रामश्रेष्ठ पासवान आदि मौजूद थे। राहुल गांधी के आगमन पर कालेसर जीरो प्वाइंट से लेकर सहिजना गांव तक कार्यकर्ताओं और उमड़ी भीड़ ने स्वागत किया। कालेसर में नगर अध्यक्ष संजय सिंह, कांग्रेस नेता संजय चौबे, प्रताप नारायण सिंह, योगेंद्र ने और गीडा चौराहे पर भैयाराम सिंह स्वागत किया। सहजनवां थाना चौराहे पर कई जगह स्वागत की तैयारी की गई थी।
कांग्रेस नेत्री निर्मला पासवान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, जिला महासचिव श्रवण पांडेय, द्विजेंद्र राम त्रिपाठी, विजय नारायण पाठक, अष्टभुजा प्रसाद त्रिपाठी ने स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ता उन्हें मंच पर ले जाना चाहते थे लेकिन भीड़ ज्यादा होने के कारण उन्होंने बस से ही लोगों को संबोधित किया। यहां से राहुल गांधी बस से उतरकर सफारी से सहिजना गांव में चले गए।
दादी की मूर्ति पर माल्यार्पण करना भूल गए राहुल
गोरखपुर। शास्त्री चौराहे पर पार्षद संजीव सिंह सोनू ने राहुल गांधी को गीता भेंट की। सहर्ष स्वीकार करते हुए उन्होंने इसके लिए धन्यवाद दिया। मुस्लिम समाज की ओर से उन्हें दोशाला भेंट की गई। इस दौरान जम्मू सोनकर, मुस्तफा अंसारी, राकेश, विकास द्विवेदी, हाफिज फैयाद, सुहेल हसन अंसारी, बाबा तिवारी, काजी नदीम, आकाश पांडेय आदि मौजूद थे।
गोरखपुर। रोड शो में कई जगह राहुल गांधी का महापुरुषों की प्रतिमा पर माल्यार्पण का कार्यक्रम भी था। टाउनहाल में महात्मा गांधी व अंबेडकर चौराहे पर बाबा साहब डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा पर तो राहुल गांधी ने माल्यार्पण किया लेकिन अपनी दादी व पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करना वह भूल गए।
शास्त्री चौक पर पहुंचे तो लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर भी उन्होंने माल्यार्पण नहीं किया। कार्यकर्ताओं द्वारा इशारा करने पर पीछे मुड़कर गाड़ी से ही उन्होंने प्रणाम कर लिया।
दलित और पिछड़े के घर भोजन किया
सहिजना गांव पहुंचे राहुल गांधी का दलित अर्जुन प्रसाद की पत्नी शोभावती और बेटी सुषमा ने तिलक लगाकर और माला पहनाकर स्वागत किया। इसके बाद बरामदे में तख्ते पर बैठकर उन्होंने भोजन किया। इस दौरान शोभावती ने उन्हें बताया कि उनकी चार बेटियां अविवाहित हैं और उनकी आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है।
इसके पूर्व राहुल गांव में दलित हरीराम के भी घर गए और वहां जलपान किया। यहां से राहुल गांधी गांव के ही उदयराज सिंह के घर गए। वहां उन्होंने पूरे परिवार के साथ मुलाकात की। उदयराज ने अपनी गरीबी बयां करते हुए कर्ज की बात बताई, जिस पर राहुल गांधी ने केंद्र सरकार के समक्ष बात रखने का आश्वासन दिया।
इसी बीच ब्लॉक अध्यक्ष गब्बूलाल प्रजापति से कुछ देर बात करने के बाद उन्होंने उदयराज सिंह से किसान मांग पत्र भरवाया। इसके बाद राहुल ने भोजन किया। सहिजना गांव में जाने से पूर्व राहुल गांधी पिपरा में पिछड़ी जाति के रामबचन यादव के घर रुके। यहां उन्होंने बिस्किट और दूध पीया। उन्होंने परिवार के लोगों से उनका हालचाल भी पूछा। इस दौरान राहुल के साथ वरिष्ठ नेता गुलाम नवी आजाद तथा जिलाध्यक्ष डॉ. सैयद जमाल आदि भी रहे।
दिल का रिश्ता कायम करते दिखे राहुल
सुबह से ही इंतजार कर रहे लोगों का उत्साह उस समय चरम पर पहुंच गया जब राहुल गांधी अपराह्न 3:40 पर थाना चौराहे पहुंचे। यहां भीड़ ने राहुल का गाजे-बाजे के साथ भव्य स्वागत किया। इस दौरान राहुल भी भीड़ में शामिल हो गए। जो भी मिला उससे कुशलक्षेम पूछते हुए आगे बढ़े। लोगों की जुबां पर बस यही चर्चा थी कि राहुल ने पर्याप्त समय और सम्मान दिया।