दिल्ली में साफ हवा होगा भाजपा का सबसे बड़ा चुनावी वादा, संकल्प पत्र में शामिल होंगे ये वादे!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली के लिए परेशानी का सबब बन चुका प्रदूषण इस विधानसभा चुनाव में बड़ा मुद्दा बन सकता है। भाजपा प्रदूषण के मुद्दे पर आम आदमी पार्टी सरकार को घेरने की तैयारी कर रही है। पार्टी इसके लिए अरविंद केजरीवाल सरकार की प्रदूषण से निबटने की नाकामियों को उठाने के साथ-साथ एमसीडी और केंद्र सरकार द्वारा दिल्ली के प्रदूषण को कम करने के लिए किए गए प्रयासों को संकल्प पत्र (घोषणा पत्र) के जरिये जनता के समक्ष रखेगी।
इसके साथ ही गंगा में सफाई अभियान में मिली सफलता को एक मॉडल के रुप में दिखाते हुए यमुना को प्रदूषण से मुक्त करने का वायदा भी करेगी। ये मुद्दे भाजपा के संकल्प पत्र में शामिल किए जाएंगे, जो अगले हफ्ते कभी भी जारी किया जा सकता है।
भाजपा के पक्ष में हैं ये बातें
दिल्ली के प्रदूषण में ट्रकों से निकलने वाला धुआं सबसे घातक भूमिका निभाता था। केंद्र सरकार ने ईस्टर्न और वेस्टर्न पेरिफेरल सड़कें बनवाकर इनके दिल्ली में प्रवेश को रोक दिया है। वरिष्ठ भाजपा नेता विजय गोयल के मुताबिक अगर केंद्र सरकार ये पेरिफेरल न बनवाती, तो दिल्ली गैस चैंबर में तब्दील हो जाती।
इसी प्रकार दिल्ली के लिए बिजली का उत्पादन कर रहे एनटीपीसी के संयंत्रों में कोयले की जगह वैकल्पिक इंधनों का प्रयोग शुरू कर दिया गया है। इससे भी दिल्ली के प्रदूषण में भारी कमी आई है। इसके आलावा भाजपा शासित नगरनिगमों ने सड़कों की धूल हटाने के लिए आटोमैटिक मशीनों का प्रयोग शुरू किया है, स्मॉग टावर लगाने का काम किया है।
पार्टी को लगता है कि अगर वह इन मुद्दों को जनता के समक्ष रखेगी तो उसे इसका चुनावी लाभ मिल सकता है।
आप सरकार यहां रही फेल
भाजपा नेता विजय गोयल के मुताबिक, जहां केंद्र ने अपने कार्यों से दिल्ली का प्रदूषण कम करने का काम किया है, वहीं दिल्ली सरकार ने इसे बढ़ाने का कार्य किया है। दिल्ली सरकार ने डीटीसी बसों में आधे की कमी कर दी है। दिल्ली को आज लगभग 12 हजार बसों की जरूरत है, लेकिन इनकी संख्या लगभग 3,800 रह गई है।
इसके कारण लोग निजी वाहनों का प्रयोग करने पर मजबूर हुए हैं, जिसके कारण प्रदूषण से निजात पाने में मुश्किलें पैदा हुई हैं। दिल्ली सरकार को प्रदूषण के मोर्चे पर निबटने में नाकामी के कारण उसे दिल्ली हाईकोर्ट से कई बार तल्ख टिप्पणियां भी सुनने को मिली हैं, तो एनजीटी ने उस पर अर्थदंड भी लगाया है।
ऐसे में अगर इस मुद्दे को जनता के सामने उठाया जाता है तो भाजपा को इसका फायदा मिल सकता है।
भाजपा कर सकती है ये वादे
- दिल्ली में चुनाव जीतने पर भाजपा राजधानी को प्रदूषण मुक्त कराने का वायदा कर सकती है। भाजपा सांसद गौतम गंभीर ने दिल्ली के लाजपत नगर इलाके में एक स्मॉग टावर लगाने की पहल की है। दावा है कि इस टॉवर को लगाने से आसपास के 750 मीटर दूर तक की हवा शुद्ध रहेगी। भाजपा दिल्ली में इसी प्रकार के 50 से अधिक टॉवर लगाने का वायदा करेगी।
- यमुना एक्शन प्लान के तहत यमुना को प्रदूषण से मुक्त करने का काम पहले ही केंद्र सरकार की योजना में शामिल हो चुका है। भाजपा यमुना को स्वच्छ करने का बड़ा वादा भी कर सकती है। पार्टी संकल्प पत्र में यह भी बताएगी कि वह इस लक्ष्य को कैसे प्राप्त करेगी। इसके लिए दिल्ली का गंदा सीवर का पानी यमुना में न गिरे, इसके लिए दो से तीन नये सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट लगाने का भी वादा किया जा सकता है।
- दिल्ली को जल के संदर्भ में आत्मनिर्भरता दिलाने के लिए नए वाटर ट्रीटमेंट प्लांट की स्थापना की घोषणा भी की जा सकती है।
- पूर्वी दिल्ली के गाजीपुर में बन चुके कूड़े के पहाड़ का निस्तारण करने के लिए भी योजना पेश की जा सकती है। इसके तहत अभी बन चुके कूड़े को वैज्ञानिक तरीके से अलग करके निस्तारण और नये कूड़े से निबटने के लिए मशीनों के जरिये उसे दबाने, उनसे उपयोगी बिजली और सड़क निर्माण के विभिन्न पदार्थ बनाने का वायदा किया जा सकता है।
- केंद्र सरकार के हर घर में नल से जल योजना को घर-घर तक समय से पहुँचाने को भी प्राथमिकता के साथ लागू करने जैसा वायदा किया जा सकता है।