रामलीला मंच पर अश्लील डांस, पुलिस पहुंची तो जड़ दिया थप्पड़
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बरेली के गांव राजूपुर में रामलीला मंच पर चल रहा अश्लील डांस रुकवाने पहुंची पुलिस से ग्रामीण भिड़ गए। पूर्व जिला पंचायत सदस्य सुमन कश्यप के पति रामकुमार उर्फ सिंटू कश्यप ने चाड़पुर चौकी इंचार्ज अजीत सिंह को थप्पड़ मार दिया।
सूचना मिलने पर फोर्स के साथ पहुंचे एसओ भमोरा ने हंगामा कर रहे ग्रामीणों को शांत कराया। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने महिला कलाकारों के साथ अभद्रता की। यह भी आरोप है कि दबिश के दौरान दरोगा ने एक गर्भवती महिला के पेट में लात मार दी। इधर, पुलिस ने मामले में भमोरा थाने में सिंटू सहित 8 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
गांव राजूपुर में रविवार रात 10.30 बजे रामलीला के मंच पर नर्तकियां डांस कर रही थीं। इसी दौरान चाड़पुर चौकी इंचार्ज अजीत सिंह तीन सिपाहियों के साथ वहां पहुंचे और डांस बंद करने को कहा। पुलिस के मुताबिक, रामलीला मंच पर अश्लील डांस हो रहा था। शिकायत मिलने पर ही पुलिस गांव गई थी। ग्रामीणों ने पुलिस की कार्रवाई का विरोध किया तो पुलिस ने सख्ती करनी शुरू कर दी।
ये भी पढ़ें- रामलीला मेले में शराब के नशे में अश्लील डांस देखकर झूमने लगा पुलिसवाला, डांस वीडियो हुआ वायरल
इससे ग्रामीण भड़क गए और पुलिस टीम को घेर लिया। इसी दौरान पूर्व जिला पंचायत सदस्य सुमन कश्यप के पति सिंटू कश्यप अपने साथियों के साथ वहां पहुंच गए। चौकी इंचार्ज के मुताबिक वह शराब के नशे में धुत था। सिंटू ने जब दोबारा डांस शुरू कराना चाहा तो उनकी चौकी इंचार्ज से कहासुनी हो गई।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर सिंटू ने चौकी इंचार्ज को थप्पड़ मार दिया। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि जब पुलिस मेले में पहुंची, उस वक्त मंच पर सती सुलोचना की लीला का मंचन हो रहा था। चौकी इंचार्ज के महिला कलाकारों से अभद्रता करने पर सिंटू कश्यप ने विरोध जताया था। सिंटू कश्यप का कहना है कि चौकी इंचार्ज ने महिला कलाकारों से अभद्रता और ग्रामीणों से गालीगलौज की थी। उन्होंने चौकी इंचार्ज को थप्पड़ मारने के आरोप को भी गलत बताया है।
नर्तकियों की गिरफ्तारी के लिए दी दबिश
बवाल की सूचना पर फोर्स के साथ पहुंचे एसओ भमोरा जब ग्रामीणों से बात कर रहे थे, तभी चौकी इंचार्ज ने कुछ सिपाहियों को लेकर नर्तकियों की गिरफ्तारी के लिए सिंटू के चचेरे भाई मुकेश के घर पर दबिश दी।
आरोप है कि वह दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे और पांच महीने की गर्भवती अंगूरी देवी को लात मार दी। घर के बाहर सो रहे अंकुर गुप्ता को भी पीट दिया। पुलिस ने डॉ. बंगाली और भूपराम के घर की भी तलाशी ली, लेकिन नर्तकियां नहीं मिलीं। गर्भवती अंगूरी को गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
डांस रुकवाने से नाराज लोगों ने किया हमला
वहीं चौकी इंचार्ज अजीत सिंह क कहना है कि कमेटी के लोगों ने सिंटू कश्यप के साथ मुझ पर हमला किया। मेरी तहरीर पर संतकुमार कश्यप, रामचंद्र कश्यप, राधेश्याम, महेशपाल कश्यप, सिंटू कश्यप, जगदीश मौर्य, अमित शुक्ला और एक अज्ञात के खिलाफ बवाल, राज्यसेवक के आदेश की अवहेलना, अश्लील गीत गाने, सरकारी काम में बाधा, गालीगलौज, जान से मारने की धमकी, मारपीट, राज्यसेवक पर हमला और 7-सीएलए एक्ट के तहत रिपोर्ट लिखाई गई है।
ये भी पढ़ें- रामलीला मेले में अश्लील गानों पर झूमी ‘खाकी’
इस मामले में एसपी देहात ख्याति गर्ग ने बताया कि बिना अनुमति डांस कराया जा रहा था और अश्लील भी था। रामकुमार उर्फ सिंटू कश्यप ने दरोगा के साथ मारपीट की। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।