मुआवजे के लिए बनाई रेप के दौरान हाथ काटने की झूठी कहानी
उत्तर प्रदेश के आगरा में मुआवजे के लिए लड़की की रेप की झूठी कहानी बनाने का मामला सामने आया है। दरअसल, यहां पीड़िता के हाथ कटने की घटना को परिजनों ने रेप की कोशिश का नाम दिया गया था। लड़की ने पुलिस को बयान दिया था कि रेप में नाकाम रहने के बाद बदमाशों ने गुस्से में आकर उसका हाथ काट दिया।
लेकिन, अब खुलासा हुआ है कि लड़की का हाथ ट्रेन के चपेट में आने से कटा। साथ ही मुआवजा पाने के लालच में रेप की झूठी कहानी रची गई। बताया जा रहा है कि लड़की और उसकी मां रेलवे की पटरी पर बैठी हुई थी और इसी बीच हादसे में उसका हाथ कट गया। इसके बाद लड़की को नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इलाज के दौरान जब पीड़िता की मां को किसी जानकार ने सलाह दी कि अगर वह घटना को रेप का नाम दे देती तो उन्हें मुआवजे की अच्छी खासी रकम मिल जाएगी, तब मां ने लड़की के साथ रेप होने की बात कही।
मां बोली बदमाशों ने झाड़ियों में काट दिया हाथ
पीड़िता की मां ने घटना के बारे में कहा कि दोनों रेलवे के पास शौच के लिए गई थी इसी बीच बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। एक बदमाश जबरन पीड़िता को झाड़ियों में ले गया और रेप करने की कोशिश करने लगा। विरोध में शोर मचाने पर बौखलाए बदमाशों ने लड़की का हाथ काट दिया। मौके पर पुलिस जब घटनास्थल पर पहुंची तब वहां बहा हुआ खून तो देखा गया, लेकिन लड़की का हाथ नहीं मिला।
पुलिस का शक बढ़ने लगा कि बदमाशों ने पीड़िता का हाथ ही क्यों काटा और वे अपने साथ हाथ क्यों ले गए? पुलिस ने मां से पूछताछ के दौरान जब सख्ती बरती तब कहानी में बड़ा मोड़ सामने आया। मां ने कबूला की उसकी बेटी के साथ रेप की कोई घटना नहीं हुई है, बल्कि उन्होंने मुआवजे की रकम के लिए यह सब कहानी बनाई थी।