पैगम्बर पर शिक्षक ने पूछे सवाल तो काट डाले थे हाथ
क्लास में पैगम्बर मुहम्मद पर सवाल करने वाले शिक्षक के हाथ काटने का आरोपी छह साल बाद पुलिस के सामने आया है। वह पिछले छह साल से पुलिस को चकमा देकर छुपता फिर रहा था।
मामला केरल के थोडूपुझा का है। टीचर के हाथ काटने के चार आरोपियों में से तीन पहले ही गिरफ्तार हो चुके थे। बुधवार को चौथे आरोपी ने राष्ट्रीय जांच एजेंसी की अदालत के सामने आत्मसमर्पण किया है।
द हिंदू के अनुसार, आरोपी का नाम साजिल बताया जा रहा है जो करीब छह साल पहले यानी 2010 में न्यूमैन कॉलेज के शिक्षक टी जे जोसेफ पर रास्ते में हमला करके उसके हाथ काट दिए थे।
बी कॉम के छात्रों के प्रश्नपत्र में पूछे थे सवाल
आरोपी कट्टर पंथियों ने जिस टीचर के हाथ कलम कर दिए थे उन पर आरोप था कि उन्होंने बी कॉम के छात्रों को परीक्षा की तैयारी कराने के लिए जो प्रश्नपत्र दिए थे उसमें पैगम्बर मोहम्मद को लेकर सवाल किए गए थे।
पीड़ित शिक्षक कॉलेज में मलयालम पढ़ाते थे। वह जब परिवार के साथ एक चर्च से लौट रहे थे तभी रास्ते में कुछ लोगों ने उनके हाथ काट दिए थे। एनआईए छह साल से इस मामले को देख रही है।
चौथे आरोपी के आत्मसमर्पण करने के बाद एनआईए कोर्ट ने आरोपी को 23 अगस्त तक के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया है। एनआईए को आशंका है कि आरोपी साजिल घटना को अंजाम देने के बाद तमिलनाडु भाग गया था और फिर देश के अलग-अलग शहरों में ठहरता रहा है। एनआईए ने अब आरोपी से तमाम जानकारियों उगलवाएगी।