बेंगलुरु: सीसीटीवी में कैद हुई थी छेड़छाड़, 4 संदिग्ध हुए गिरफ्तार
बेंगलुरु में 31 दिसंबर की रात सामूहिक छेड़छाड़ की एक हकीकत सीसीटीवी में कैद फुटेज के जरिए सामने आई। ये सीसीटीवी बेंगलुरु के कम्मनहल्ली रोड पर स्थित एक मकान में लगे सीसीटी में दर्ज हो गई। इस वीडियो के आधार पर जांच में जुटी पुलिस ने 4 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
इससे पहले पुलिस ने कहा कि उन्होंने एमडी रोड पर लगे 45 सीसीटीवी कैमरों में दर्ज वीडियो की जांच की और इस मामले में एफआईआर पहले ही दर्ज कर ली गई थी।
न्यूज एजेंसी एएनआई को सीसीटीवी फुटेज मिला। वीडियो में लड़की जब ऑटो से उतरी तो सुनसान गली में दो बाइक सवार उसके पीछे आ गए। उन्होंने आगे जाकर अपनी बाइक घूमाई और तभी चालक उतरा और लड़की को जबरन छूने लगा। डरी सहमी पीड़िता आरोपी का विरोध करती रही लेकिन आरोपी हैवानियत को अंजाम देता गया।
1500 पुलिसकर्मियों के सामने होती रही छेड़छाड़
आपको बता दें कि 31 दिसंबर की रात को बंगलूरू के एमजी रोड पर महिलाओं के साथ लोगों ने न केवल अश्लील टिप्पणियां की बल्कि शारीरिक अभद्रता भी की थी। 31 दिसंबर की रात को इन महिलाओं में से कुछ तो अकेली थी, जबकि कुछ अपने परिवार के साथ पार्टी में पहुंची थीं। यह हरकतें तब हुईं जब उस इलाके में लगभग 1500 पुलिसकर्मी तैनात थे।
घटना के बाद से पुलिस को शक की निगाहों से देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि पुलिस ने अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। वहीं पुलिस ने अपना पक्ष रखते हुए कहा है कि उनके पास किसी भी पीड़िता ने अभी तक शिकायत दर्ज नहीं कराई है।