दृष्टिहीन युवती हुई गर्भवती, बता भी नहीं पा रही किसने किया दुष्कर्म
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
15 साल की वह दिव्यांग लड़की देख नहीं सकती। वह यह भी नहीं बता पा रही कि उसके साथ किसने संबंध बनाए कि वह गर्भवती हो गई। शनिवार को जब उसके एक बड़े भाई ने अपने पिता और भाई को ही उसके यौन शोषण का दोषी ठहराकर हल्ला मचाया तो पूरा मुहल्ला इकट्ठा हो गया। पुलिस भी असमंजस में थी कि क्या करें। लड़की कुछ भी नहीं बता पा रही है। बहरहाल उसके भाई की तहरीर पर पिता और दूसरे भाई के खिलाफ दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। दोनों पर पाक्सो एक्ट भी लगाया गया है।
भाई और मुहल्ले वाले कह रहे हैं कि शायद नशा कराने के बाद उसे हवस का शिकार बनाया गया। घर में वह अपने से कुछ साल बड़े भाई और पिता के ज्यादा करीब थी इसलिए दोनों को शक के दायरे में लिया गया है। जबकि एक भाई के अलावा बाकी परिवार पिता के साथ है और तहरीर में लिखी बातों को गलत बता रहा है। आरोप लगाने वाले भाई के मुताबिक कुछ दिन पहले जब लड़की ने पेट दर्द की शिकायत की तो मां ने उसे डॉक्टर को दिखाया तो पता चला कि वह गर्भवती है। जिस भाई पर इस दुष्कर्म में लिप्त होने का आरोप है वह शनिवार को घर पर नहीं था। इसलिए उसका पक्ष नहीं मिल पाया।
एक दिन पहले ही उसका पिता उसे घुमाने की बात कहकर गर्भपात कराने बहन के पास ले गया था। बहरहाल रिश्तों को शर्मसार करने वाली इस कहानी का सच अभी सामने आना बाकी है। कहानी शहर के एक मजदूर परिवार की है। पिता मजदूरी करता है। चार बेटे और चार बेटियां हैं। सभी कुछ न कुछ काम करते हैं। पिता से अधिक लगाव होने के कारण पीड़ित किशोरी उसी के साथ ज्यादा समय रहती थी। पिता पर शक की दूसरी वजह यह बताई जा रही है कि वह पीड़ित किशोरी को घर से बाहर नहीं जाने देता था। भाई पर शक की पूरी वजह नहीं बताई जा रही है।
पापा को हम घर बेचकर भी बचाएंगे
घर में हंगामे के बाद मोहल्ले की महिलाओं ने लड़की से अकेले में कई सवाल किए लेकिन वह ऐसा कुछ नहीं बता पाई जिससे यह पता चले कि वह गर्भवती कैसे हुई। घर के लोग जब बाहर चले जाते थे तो कई बार वह अकेली भी घर में रहती थी। माना जा रहा है कि उसके साथ नशा देकर दुराचार किया गया। लड़की के पिता ने बताया कि अभी हाल ही में उसको बेटी के गर्भवती होने का पता लगा। बदनामी के डर से वह बेटी का इलाज कराने की कोशिश कर रहा था। शुक्रवार को वह किशोरी को लेकर अपनी बहन के घर बरेली गया था। जबसे वह लड़की को लेकर वापस आया है, उससे उसे मिलने नहीं दिया गया। उसके खिलाफ भड़काया जा रहा है।
मोहल्ले के लोगों की भीड़ आकर आरोपी पिता को धमकाती रही। उस पर जमकर तंज कसे गए, लेकिन शिकायत करने वाले बेटे के अलावा पूरा परिवार उसके समर्थन में खड़ा है। पीड़ित किशोरी की बड़ी बहन ने तो यहां तक कह दिया कि पापा तुम परेशान मत हो। चाहे हम बेघर हो जाएं, पर तुमको बचाकर लाएंगे।
किशोरी की मां ने बताया कि पति ऐसा नहीं कर सकता, लेकिन बेटी के गर्भवती होने के कारणों का जवाब उसके पास भी नहीं है। बस इतना बताया कि छह महीने पहले घर का नल खराब हो गया था। बाहर से पानी भरकर बेटी अक्सर ले आया करती थी। कई बार तो घर पर वह अकेली रहती रही। इससे अंदेशा हो रहा है कि आरोपी कोई और तो नहीं।