गुजरात: तीन साल के मासूम के पैर में प्रिंसिपल ने दागा गर्म चम्मच, मामला दर्ज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मासूम बच्चों के खिलाफ स्कूलों में होती हिंसक घटनाएं कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। सूरत के वेसू स्थित स्कूल से भी ऐसा ही एक मामला सामने आया है। सोमेश्वर एनक्लेव स्थित किड्स कॉलेज ग्रुप में पढ़ने वाले 3 साल के मासूम की प्रिंसिपल ने उसके दाहिने पैर में 4 जगह चम्मच दाग दिए। घटना 26 अप्रैल की है जब मिहान रोजाना की तरह उस दिन भी स्कूल गया था। वह शरारत करते हुए अपने जूते फेंकने लगा। इसी बात से नाराज होकर प्रिंसिपल ज्योति अग्रवाल ने आया से चम्मच गर्म करके लाने को कहा और उसके दाहिने पैर में चार जगह दाग दिया।
बच्चे की मां स्वाती कड़ीवाला के मुताबिक जब वह अपने बच्चे को स्कूल से लाईं तो वह बहुत उदास था। उसके चेहरे पर सूखे आंसुओं के निशान नजर आ रहे थे। उन्होंने कहा कि उन्हें मिहान के चेहरे को देखकर ही शक हो गया कि उसके साथ कुछ गलत हुआ है। फिर उसी वक्त उन्होंने प्रिंसिपल को फोन करके पूछा तो उसने कहा कि मिहान स्कूल में शरारत करते हुए अपने जूते फेंक रहा था इसलिए उसे सजा दी गई है।
बच्चे की मां स्वाती ने आगे बताया कि प्रिंसिपल से बात करने के बाद उन्होंने अपने मिहान को नहलाने के लिए उसके कपड़े उतारे तो पैर पर फफोले देखे। फिर उन्होंने प्रिंसिपल से पूछा तो उसने इससे इंकार कर दिया। बच्चे के पिता मिहिर कड़ीवाला के अनुसार उन्होंने घटना वाले दिन तो कुछ नहीं किया लेकिन 27 अप्रैल को वह प्रिंसिपल के खिलाफ शिकायत दर्ज करने थाने गए जिसके बाद प्रिंसिपल ज्योति अग्रवाल ने अपनी गलती मान ली।
मिहिर ने बताया कि उन्होंने स्कूल प्रबंधन से कहा कि वह ज्योति को प्रिंसिपल के पद से हटा दें। लेकिन ऐसा नहीं किया गया। उसका पति रोहित अग्रवाल भी उसी स्कूल में पार्टनर है और उसी ने अपनी पत्नी को प्रिंसिपल बनाया है। ज्योति को नहीं हटाने पर बच्चे की मां स्वाती ने प्रिंसिपल ज्योती अग्रवाल और स्कूल की एक अन्य वृद्धा के खिलाफ उमरा थाने में आईपीसी और चाइल्ड प्रोटेक्शन के तहत शिकायत दर्ज कराई। जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।