महाराष्ट्रः कोरोना को मात देने वाले 'योद्धा' होंगे स्वतंत्रता दिवस समारोह में अतिथि
डाक्टर, स्वास्थ्यकर्मी व सफाई कर्मचारी भी आमंत्रित किए जाएंगे, राज्य सरकार ने जारी किए दिशा-निर्देश...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
महाराष्ट्र में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर होने वाले समारोह में कोरोना को मात देने वाले लोग बतौर अतिथि आमंत्रित किए जाएंगे। इसके अलावा डॉक्टर, स्वास्थ्य सेवक और सफाई कर्मी जैसे कोरोना योद्धाओं को भी निमंत्रित किया जाएगा। राज्य सरकार ने ध्वजारोहण समारोह और सोशल मीडिया के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा घोषित आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना का प्रसार करने को कहा है।
सोमवार को राज्य सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह के आयोजन को लेकर दिशानिर्देश जारी किया है। इसके मुताबिक सरकार ने शनिवार को स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम में कोरोना को मात देने वाले कुछ व्यक्तियों, कोरोना योद्धाओं, शहीद जवानों के परिजनों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों को निमंत्रित करने को कहा है। राज्य के सभी विभागीय, जिला, उपविभागीय और तहसील मुख्यालय पर ध्वजारोहण समारोह आयोजित होगा।
मंत्रालय में उद्धव और पुणे में राज्यपाल फहराएंगे तिरंगा
राज्य के मुख्य सरकारी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे मंत्रालय में सुबह 9.05 बजे ध्वजारोहण करेंगे। जबकि पुणे में राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी तिरंगा फहराएंगे। वहीं, विभागीय व जिला मुख्यालय पर संबंधित पालक मंत्रियों के हाथों ध्वजारोहण होगा। राज्य के सभी सार्वजनिक व सरकारी इमारतों और एतिहासिक किलों में भी राष्ट्रध्वज फहराया जाएगा।
सरकार ने विभागीय आयुक्त पुणे, नागपुर, औरंगाबाद, नासिक, अमरावती और कोंकण को अपने विभाग तथा जिला मुख्यालय पर ध्वजारोहण समारोह के आयोजन के लिए उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।
प्रभारी मंत्रियों की सहमति से डीएम आयोजित कर सकते हैं समारोह
सरकार ने विभागीय आयुक्त और जिलाधिकारियों को अपने अधिकार क्षेत्र में कोरोना संक्रमण के प्रसार को ध्यान में रखते हुए पालक मंत्रियों की सहमति से 15 अगस्त को समारोह आयोजित करने की छूट दी है। ध्वजारोहण समारोह के लिए मास्क पहनना अनिवार्य होगा।
सरकार ने ध्वजारोहण समारोह के कार्यक्रम का वेबसाइट पर लाइव प्रसारण करने को कहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग घर पर बैठे ही कार्यक्रम को देख सकेंगे। सरकार ने कहा है कि कोरोना संकट के चलते सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का सख्ती से पालन करना पड़ेगा।