{"_id":"6ac5d2a939c3ed93d502b95a","slug":"congress-protests-in-vidisha-against-rahul-gandhis-detention-clashes-with-police-over-snatching-of-effigy-vidisha-news-c-1-1-noi1454-4806587-2026-10-07","type":"story","status":"publish","title_hn":"विदिशा: सड़कों पर उतरी कांग्रेस, पीएम का पुतला फूंकने की कोशिश, पुलिस ने वाटर कैनन चलाकर संभाला मोर्चा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
विदिशा: सड़कों पर उतरी कांग्रेस, पीएम का पुतला फूंकने की कोशिश, पुलिस ने वाटर कैनन चलाकर संभाला मोर्चा
Wed, 07 Oct 2026 01:14 PM IST
विदिशा ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, विदिशा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, विदिशा
Published by: विदिशा ब्यूरो
Updated Wed, 07 Oct 2026 01:14 PM IST
सार
दिल्ली में राहुल गांधी समेत विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिए जाने के विरोध में विदिशा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। माधवगंज चौराहे पर पुतला जलाने की कोशिश के दौरान भीड़ को हटाने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।
विज्ञापन
पीएम के पुतले को लेकर पुलिस से झड़प
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिए जाने के विरोध की गूंज मंगलवार देर रात विदिशा तक पहुंची। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने माधवगंज चौराहे पर एकत्र होकर केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान माहौल उस समय तनावपूर्ण हो गया जब कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला जलाने का प्रयास किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पुतला अपने कब्जे में ले लिया। इसे लेकर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच कुछ देर तक खींचतान की स्थिति बनी रही।
विज्ञापन
शहर के माधवगंज चौराहे पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचे नगर कांग्रेस अध्यक्ष रवि साहू ने प्रदर्शन का नेतृत्व किया। कार्यकर्ताओं का कहना था कि विपक्षी नेताओं को लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने का अधिकार है और उन्हें हिरासत में लिया जाना उचित नहीं है। कांग्रेस जिला अध्यक्ष मोहित रघुवंशी ने कहा कि राहुल गांधी सहित अन्य विपक्षी नेता निर्वाचन आयोग की ओर मार्च कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें हिरासत में लिए जाने की कार्रवाई की गई। कांग्रेस ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़ा मुद्दा बताते हुए केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग के खिलाफ प्रदर्शन किया।
विज्ञापन
रघुवंशी ने कहा कि राहुल गांधी के सम्मान और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के मुद्दे पर पार्टी कार्यकर्ता आगे भी आवाज उठाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस कार्रवाई को लेकर अपना विरोध दर्ज कराती रहेगी। इधर नगर कांग्रेस अध्यक्ष रवि साहू ने केंद्र सरकार पर विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाते हुए अपना आक्रोश जाहिर किया।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें: दमोह: मतदाता सूची विवाद पर कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, डेढ़ घंटे चला ड्रामा, पुतला दहन पर पुलिस से खींचतान
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा पुतला दहन की कोशिश किए जाने पर पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप किया और पुतला छीन लिया। इस दौरान कुछ कार्यकर्ताओं और पुलिसकर्मियों के बीच झूमाझटकी भी हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को चौराहे से हटाने का प्रयास किया। भीड़ के नहीं हटने पर पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। पानी की बौछार के बाद प्रदर्शनकारी वहां से हटे और स्थिति को नियंत्रित किया जा सका।
देर रात तक चले इस प्रदर्शन के कारण माधवगंज चौराहा राजनीतिक गतिविधियों का केंद्र बना रहा। कांग्रेस नेताओं ने दिल्ली की घटना को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया, जबकि पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करते हुए किसी बड़े विवाद की स्थिति बनने से रोकने का प्रयास किया। प्रदर्शन के दौरान नारेबाजी, पुतला छीनने और वाटर कैनन के इस्तेमाल को लेकर इलाके में काफी देर तक हलचल बनी रही।
