Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Madhya Pradesh ›   Umaria: Bandhavgarh Vulture Count More Than Doubles to 388, Seven Species Find a Safe Habitat

उमरिया: बांधवगढ़ के आसमान में गिद्धों का राज, सात प्रजातियों का बसेरा, छह साल में दोगुने से ज्यादा हुई आबादी

Fri, 06 Nov 2026 11:33 AM IST
उमरिया ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, उमरिया
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, उमरिया Published by: उमरिया ब्यूरो Updated Fri, 06 Nov 2026 11:33 AM IST
सार

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में गिद्धों की आबादी में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वर्ष 2021 में इनकी संख्या 172 थी, जो मई 2026 की गणना में बढ़कर 388 हो गई। यहां गिद्धों की सात प्रजातियां पाई गई हैं।

विज्ञापन
Umaria: Bandhavgarh Vulture Count More Than Doubles to 388, Seven Species Find a Safe Habitat
बांधवगढ़ के आसमान में गिद्धों का राज

विस्तार

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की पहचान अब सिर्फ बाघों की दहाड़ और हाथियों की चहलकदमी तक सीमित नहीं रह गई है। यहां के जंगलों में इन दिनों आसमान में उड़ते गिद्धों के बड़े-बड़े झुंड भी प्रकृति के संरक्षण की एक नई कहानी लिख रहे हैं। कभी देशभर में तेजी से घटती आबादी के कारण चिंता का विषय बने गिद्ध अब बांधवगढ़ के जंगलों में सुरक्षित ठिकाना पा रहे हैं। यहां इनकी बढ़ती संख्या वन्यजीव संरक्षण की दिशा में बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

विज्ञापन


172 से 388 तक पहुंचा आंकड़ा
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में गिद्धों की आबादी में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वर्ष 2021 की शुरुआत में हुई गणना में यहां कुल 172 गिद्ध मिले थे, जिनमें 159 बड़े और 13 छोटे गिद्ध शामिल थे। वर्ष 2024 में यह संख्या बढ़कर 300 तक पहुंच गई। वहीं 24 मई 2026 को हुई ताजा गणना में गिद्धों की कुल संख्या 388 दर्ज की गई। इनमें 358 बड़े और 30 छोटे गिद्ध शामिल हैं। महज छह वर्षों में गिद्धों की संख्या दोगुने से भी अधिक होना इस बात का संकेत है कि बांधवगढ़ का प्राकृतिक वातावरण इनके संरक्षण और प्रजनन के लिए अनुकूल साबित हो रहा है।
विज्ञापन


सात प्रजातियों से गुलजार है बांधवगढ़ का आसमान
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में ग्रीष्म और शरद ऋतु की गणना तथा पक्षी विशेषज्ञों के भ्रमण के दौरान गिद्धों की सात प्रजातियां दर्ज की गई हैं। इनमें इंडियन वल्चर, इजिप्शियन वल्चर, रेड हेडेड वल्चर, व्हाइट रंप्ड वल्चर, सिनेरियस वल्चर, हिमालयन ग्रिफन और यूरेशियन ग्रिफन शामिल हैं। इनमें कुछ प्रजातियां यहां स्थायी रूप से दिखाई देती हैं, जबकि हिमालयन ग्रिफन और यूरेशियन ग्रिफन जैसे गिद्ध सर्दियों में प्रवास करके यहां पहुंचते हैं। इनकी अलग-अलग विशेषताएं जंगल के प्राकृतिक संतुलन को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


ये भी पढ़ें: शहडोल: किराये के विवाद में ट्रैवल्स संचालक और बेटे पर मारपीट का आरोप, महिलाओं को भी पीटा, दो घायल

चट्टानें और घाटियां बनीं सुरक्षित आशियाना
विंध्य पर्वतमाला की ऊंची चट्टानें, गहरी घाटियां और जंगलों का विस्तृत क्षेत्र गिद्धों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करता है। ऊंची चट्टानों पर इन्हें घोंसले बनाने और प्रजनन के लिए सुरक्षित स्थान मिलता है। वहीं घाटियों से उठने वाली गर्म हवाएं इन विशाल पक्षियों को लंबे समय तक आसमान में उड़ने में मदद करती हैं। मरे हुए वन्यजीवों और अन्य जानवरों के अवशेष इनके लिए पर्याप्त भोजन उपलब्ध कराते हैं।


संरक्षण के प्रयासों ने बदली तस्वीर
गिद्धों की बढ़ती संख्या के पीछे सुरक्षित भोजन और बेहतर वन प्रबंधन की महत्वपूर्ण भूमिका है। पशुओं के उपचार में इस्तेमाल होने वाली डाइक्लोफेनाक जैसी दवाओं पर प्रतिबंध से गिद्धों को जहरीले भोजन के खतरे से बचाने में मदद मिली है। इसके अलावा जंगलों में आग से घोंसलों की सुरक्षा, मानवीय हस्तक्षेप पर नियंत्रण और वनकर्मियों की सतर्कता भी इनके संरक्षण में सहायक बनी है। गिद्धों को प्रकृति का सफाईकर्मी कहा जाता है। ये मृत पशुओं के अवशेषों को खाकर जंगल और पर्यावरण को स्वच्छ रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। इनके संरक्षण से बीमारियों के फैलाव का खतरा कम करने में भी मदद मिलती है।

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक अनुपम सहाय के अनुसार गिद्धों की संख्या में लगातार हो रही वृद्धि बेहतर प्रबंधन और अनुकूल प्राकृतिक परिस्थितियों का परिणाम है। वर्ष 2021 के 172 गिद्धों से बढ़कर 2026 में 388 तक पहुंचा आंकड़ा इस बात का प्रमाण है कि संरक्षण के समन्वित प्रयासों से प्रकृति के इन महत्वपूर्ण पक्षियों को सुरक्षित भविष्य दिया जा सकता है। अब बांधवगढ़ की पहचान बाघों के साथ-साथ गिद्धों के सुरक्षित आशियाने के रूप में भी मजबूत हो रही है।

 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed