Umaria News: कई कांग्रेसी गिरफ्तार...महिलाओं पर अत्याचार के विरोध में मशाल जुलूस निकालने से पहले पहुंची पुलिस
उमरिया में कई कांग्रेसियों को गिरफ्तार किया गया है। बता दें कि ये लोग प्रदेश में बेटियों और महिलाओं के साथ हो रहे अत्याचार को लेकर मशाल जुलूस निकाल रहे थे कि इससे पहले पुलिस पहुंच गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उमरिया में बेटी बचाओ कार्यक्रम के तहत प्रदर्शन कर रहे सैकड़ों कांग्रेसी गिरफ्तार कर लिए गए। जानकारी के मुताबिक, प्रदेश में महिलाओं और बच्चियों पर हो रहे अन्याय के खिलाफ कांग्रेस यूथ विंग द्वारा नगर के जय स्तंभ चौक से एक मशाल जुलूस निकाला जा रहा था। शाम करीब छह बजे से पार्टी के नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का वहां पहुंचना शुरू हो गया था। सब कुछ शांतिपूर्वक तरीके से चल ही रहा था, तभी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिपाल सिंह, एसडीओपी नागेन्द्र प्रताप सिंह, थाना प्रभारी कोतवाली बालेन्द्र शर्मा, महिला डेस्क प्रभारी अरूणा द्विवेदी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी भारी संख्या में बल के साथ मौके पर पहुंच गए और मोर्चा संभाल लिया।
बता दें कि यह सब देख कांग्रेस कार्यकर्ता भी रोड पर बैठ गए और नारेबाजी करने लगे। थोड़ी देर में जैसे ही मशालें जला कर उन्होंने आगे बढ़ने का प्रयास किया तो पुलिस के जवानों ने पानी की बौछार शुरू कर दी, जिस पर कार्यकर्ता फिर से रोड पर बैठ गए।
वैन में भर कर पहुंचाया स्टेडियम
इस बीच अधिकारियों ने उन्हें काफी समझाने का प्रयास किया पर वे उठने को राजी नहीं थे, जिस पर पुलिस के जवान नेताओं और कार्यकर्ताओं को बलपूर्वक उठाकर वैन में भरने लगे। धीरे-धीरे सभी को वाहनों द्वारा खेल स्टेडियम ले जाया गया। इस दौरान स्टेडियम को अस्थाई जेल बनाया गया था। युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष विजेन्द्र सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष राजेश शर्मा, त्रिभुवन प्रताप सिंह, ठाकुरदास सचदेव, अमृत लाल यादव, धु्रव सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष शिशुपाल यादव, निरंजन प्रताप सिंह, दिशांक प्रताप सिंह, मयंक सिंह, संतोष सिंह सेवादल, महामंत्री राजीव सिंह, पार्षद संजय पाण्डेय, नासिर अंसारी, अशोक गोंटिया, रामायणवती कोल, अवधेश राय, संदीप यादव, छत्रपाल सिंह, लालभवानी सिंह, सावित्री सिंह, शकुंतला धुर्वे, मुकेश सिंह, ओमप्रकाश सोनी, ताजेंद्र सिंह, रघुनाथ सोनी, पीएन राव, उमेश कोल, रेखा सिंह, गौरीशंकर प्रजापति, किशोर सिंह, शिव शर्मा, चंदू राठौर, मंगल सिंह, खुर्रम शहजादा, रमेश रिछारिया, लक्ष्मी गुप्ता, राजनारायण, विंदेश्वरी सिंह, रंजित सिंह समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
नहीं थी कोई अनुमति
थाना कोतवाली के टीआई बालेन्द्र शर्मा ने बताया कि शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ता शहर के जय स्तंभ चौक पर प्रदर्शन कर रहे थे, जिसके लिये उनके पास कोई अनुमति नहीं थी। यह जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच कर कांग्रेसियों को जय स्तंभ से हटने को कहा। परंतु उन्होंने इससे इंकार कर दिया। जबरन प्रदर्शन की कोशिश करने पर उन्हें स्टेडियम लाया गया। हिरासत में लिए गए कार्यकर्ताओं के विरुद्ध धारा-151 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध करने के उपरांत सभी को मुचलके पर रिहा कर दिया गया है।
लोकतंत्र के लिए खतरा : अजय सिंह
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक अजय सिंह ने कांग्रेसजनों पर हुई कार्रवाई की निंदा करते हुए इसे लोकतंत्र के लिए खतरा बताया है। सिंह ने कहा कि कांग्रेसी प्रदेश में महिलाओं और बच्चियों पर हो रहे अत्याचार के विरुद्ध शांतिपूर्ण मशाल जुलूस निकाल रहे थे। नगर में कोई प्रतिबंधात्मक आदेश लागू नहीं है। इसके बाद भी सरकार के इशारे पर प्रशासन ने उन्हें जबरदस्ती हिरासत में लेकर अभिव्यक्ति की आजादी और संविधान का गला घोंटने का काम किया है। सिंह ने कहा कि कांग्रेस का कार्यकर्ता इन कार्रवाईयों से डरने वाला नहीं है। जनता के सम्मान और अधिकार की लड़ाई आगे भी जारी रहेगी।

प्रदर्शन करते कांग्रेसी

प्रदर्शन करते कांग्रेसी

प्रदर्शन करते कांग्रेसी
