Ujjain News: शक ने ले ली जान, पत्नी के चरित्र पर करता था शक, गला घोंटकर की हत्या, पति गिरफ्तार
आरोपी कुछ समय से अपनी पत्नी से अलग रह रहा था। दोनों के रिश्ते में काफी तनाव था। 16 मई की रात को आरोपी गांव बलेड़ी आया और मौका पाकर पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद वह वहां से भाग गया था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।
विस्तार
उज्जैन के इंगोरिया थाना क्षेत्र के गांव बलेड़ी में एक महिला की हत्या के मामले का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। जांच में पता चला है कि महिला की हत्या उसके पति ने ही की थी। पहले उसने पत्नी को थप्पड़ मारे और फिर गला दबाकर जान ले ली। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, 17 मई को बलेड़ी निवासी कनीराम ने इंगोरिया थाने में सूचना दी कि उसकी बहू सपना घर में मृत पड़ी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और मामला सहायक उपनिरीक्षक दिनेश निनामा को सौंपा गया।
जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से जानकारी मिली कि 16 मई की रात करीब 9:30 बजे सपना का पति काशीराम घर आया था। दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ। काशीराम को अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था। इसी बात को लेकर बहस के बाद उसने सपना को थप्पड़ मारे और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कई जगहों पर दबिश दी और आखिरकार 18 मई को गांव रूपाहेड़ा से काशीराम को गिरफ्तार कर लिया। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने पत्नी की हत्या करना कबूल कर लिया।
रह रहा था पत्नी से अलग
सपना की हत्या के मामले में नया खुलासा हुआ है। आरोपी पति काशीराम पिछले कुछ समय से सपना से अलग रह रहा था। दोनों के बीच मनमुटाव चल रहा था। मौका मिलने पर 16 मई की रात वह गांव बलेड़ी आया और पत्नी की हत्या कर फरार हो गया। अब पुलिस ने उसे पकड़ लिया है और उसे आज बड़नगर न्यायालय में पेश किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: इंदौर में हिन्दू संगठन ने लगाए पोस्टर-धर्म पूछकर व्यापार करना पड़ेगा
घटना के वक्त बच्चे थे मामा के घर
जांच अधिकारी एएसआई दिनेश निनामा ने बताया कि जब काशीराम सपना के घर आया, उस समय उनके दोनों बच्चे अपने मामा के घर ग्राम मोलाना (बड़नगर) गए हुए थे। सपना घर पर अकेली थी और वह एक अलग मकान में रहती थी। अगली सुबह जब सपना के ससुर को वह कहीं नजर नहीं आई तो वे देखने पहुंचे। तब सपना उन्हें जमीन पर मृत अवस्था में मिली।
आरोपी को पकड़ने में इनका योगदान रहा
एसडीओपी महेन्द्र सिंह परमार ने बताया कि जब घर में महिला की लाश मिली और एफएसएल रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि हुई, तो शक पति पर गया। इसके बाद पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया। आरोपी को गिरफ्तार करने में थाना प्रभारी अमित सारस्वत, एएसआई दिनेश निनामा, प्रधान आरक्षक अमरसिंह, कैलाश शर्मा, संग्रामसिंह, आरक्षक गिरधारी कनेल, सतीश राठौर, दिवाकर शर्मा और महिला आरक्षक रानी गोस्वामी की अहम भूमिका रही।
