Ujjain: अब महाकाल मंदिर में कर्मचारी का मन गया जन्मदिन, 10 कंप्यूटर ऑपरेटर निलंबित
महाकाल मंदिर परिसर में मंगलवार को प्रोटोकॉल कार्यालय के ऊपर प्रथम मंजिल पर वीआर के लिए काम करने वाली एक कर्मचारी युवती का जन्मदिन मनाया गया। जन्मदिन का वीडियो वायरल हुआ है। पुजारियों ने मंदिर परिसर में केक काटने पर नाराजगी जाहिर की है।
विस्तार
महाकाल मंदिर परिसर में प्रोटोकॉल कार्यालय के ऊपर केक काटने का एक वीडियो वायरल होने के बाद महाकाल मंदिर प्रशासक गणेश धाकड़ ने कड़ा तेवर अपनाया। उन्होंने तुरंत इस मामले में कार्रवाई करते हुए वीडियो में दिखाई दे रहे 10 कंप्यूटर ऑपरेटरों को निलंबित कर दिया।
बताया जाता है कि महाकाल मंदिर प्रशासन ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए महाकाल मंदिर में एआर-वीआर तकनीक से श्रद्धालुओं को भस्म आरती दिखाने का काम करने वाली कंपनी को एक पत्र जारी किया था। इसमें लिखा गया था कि महाकाल लोक परिसर में केक कटिंग की घटना आपकी कंपनी के कुछ कर्मचारियों द्वारा बिना किसी पूर्व सूचना या अनुमति के की गई थी। यह अनुशासनहीनता है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए, कंपनी ने तत्काल प्रभाव से इस घटना में शामिल सभी 10 कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है। इसमें चेतना विश्वकर्मा, यश गेहलोत, हर्षिता सिसोदिया, आकाश उज्जैनिया, शिवानी मकवाना, राज सरगरा, विनोद मकवाना, हर्षिता आर्या, शक्ति सिंह और राधिका त्रिपाठी सभी ऑपरेटर शामिल हैं। यह था घटनाक्रम
महाकाल मंदिर प्रोटोकॉल ऑफिस के पास भोपाल की कंपनी एआर-वीआर तकनीक से श्रद्धालुओं को भस्म आरती दिखाने का काम कर रही है, यहां करीब एक दर्जन से अधिक युवक-युवतियां रोजाना श्रद्धालुओं को भस्म आरती के दर्शन करवाती हैं। मंगलवार को प्रोटोकॉल कार्यालय के ऊपर प्रथम मंजिल पर वीआर के लिए काम करने वाली एक कर्मचारी युवती का जन्मदिन मनाया गया। जन्मदिन का वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें वीडियो में केक काट रही युवती के पास अन्य कर्मचारी युवक युवती भी दिखाई दे रहे हैं। वीडियो बनाने वाले ने केक कटिंग का वीडियो बनाते हुए महाकाल लोक का भी वीडियो बनाया था।
