Ujjain: सड़क निर्माण में तोड़ी नाग महाराज की बांबी, अब प्रत्यक्ष दर्शन दे रहे नागराज, प्रशासन पर बढ़ा दबाव
सड़क निर्माण के दौरान नाग महाराज की बांबी तोड़े जाने से श्रद्धालुओं में रोष व्याप्त है। इस संबंध में स्थानीय रहवासियों समेत तेजाजी मंदिर समिति और बजरंग दल ने सड़क निर्माण के लिए कोई वैकल्पिक मार्ग निकालने की मांग की है।
विस्तार
शहर के विक्रम नगर क्षेत्र में स्थित श्री कालेश्वर महादेव मंदिर के पास सड़क निर्माण के दौरान नाग महाराज की बांबी तोड़े जाने से धार्मिक आस्था से जुड़े लोगों में आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय लोगों का दावा है कि जब से नाग बांबी को तोड़ा गया है, तभी से नागराज प्रत्यक्ष रूप से दर्शन दे रहे हैं, जिससे क्षेत्र में सनसनी और आस्था दोनों का माहौल बना हुआ है।
विक्रम नगर में नगर निगम द्वारा एक नई सड़क का निर्माण किया जा रहा है, जिसके मार्ग में यह मंदिर भी आ रहा है। मंदिर समिति और स्थानीय रहवासियों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, सांसद अनिल फिरोजिया, महापौर मुकेश टटवाल और नगर निगम सभापति कलावती यादव को आवेदन देकर अनुरोध किया था कि सड़क निर्माण के लिए कोई वैकल्पिक मार्ग निकाला जाए और मंदिर को क्षति न पहुंचे लेकिन इसके बावजूद सड़क निर्माण कार्य बिना किसी रुकावट के जारी है, जिससे भक्तों और मंदिर समिति में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
प्रशासन और जनप्रतिनिधियों द्वारा इस मामले में अब तक कोई निर्णय नहीं लेने के चलते बजरंग दल ने इस धार्मिक स्थल को बचाने के लिए सख्त चेतावनी दी है। बजरंग दल के पदाधिकारियों ने कहा है कि यदि प्रशासन जल्द ही इस पर कोई ठोस निर्णय नहीं लेता है, तो वे धरना-प्रदर्शन और चक्काजाम करने के लिए बाध्य होंगे। उनका कहना है कि मंदिर को हटाने के बजाय सड़क निर्माण के लिए आसपास की खुली जगह का उपयोग किया जा सकता है, जिससे मंदिर को किसी भी प्रकार की क्षति न पहुंचे।
स्थानीय रहवासियों और श्रद्धालुओं का कहना है कि यह स्थान केवल एक मंदिर ही नहीं, बल्कि नाग देवता और तेजाजी महाराज की आस्था का प्रतीक भी है। क्षेत्र के एक श्रद्धालु ने बताया कि यह धार्मिक स्थल हमारी आस्था का केंद्र है। अधिकारी चाहें तो मंदिर को बचाया जा सकता है, लेकिन हमें लग रहा है कि प्रशासन इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा। हम मंदिर को टूटने नहीं देंगे और इसके लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।
बजरंग दल के जिला संयोजक ऋषभ कुशवाह ने स्पष्ट किया है कि यदि प्रशासन ने जल्द ही इस मुद्दे पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया, तो दो दिन बाद वे फिर से मौके पर जाकर बड़ा आंदोलन करेंगे और चक्काजाम करेंगे। इस चेतावनी के बाद स्थानीय प्रशासन पर भी दबाव बढ़ गया है, लेकिन अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

सड़क निर्माण मे तोड़ दी नाग महाराज की बांबी, अब प्रत्यक्ष दर्शन दे रहे नागराज

सड़क निर्माण मे तोड़ दी नाग महाराज की बांबी, अब प्रत्यक्ष दर्शन दे रहे नागराज

सड़क निर्माण मे तोड़ दी नाग महाराज की बांबी, अब प्रत्यक्ष दर्शन दे रहे नागराज

सड़क निर्माण मे तोड़ दी नाग महाराज की बांबी, अब प्रत्यक्ष दर्शन दे रहे नागराज
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.
