Tikamgarh Crime: नाबालिग को नशीली दवा खिलाकर दुष्कर्म, थाने में मामला दर्ज
टीकमगढ़ शहर में कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत नाबालिक को नशीली दवा खिलाकर दुष्कर्म किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
विस्तार
टीकमगढ़ शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोपी ने एक दिन पहले नशे की गोली का सेवन कराकर दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। पीड़ित लड़की और उसके परिजनों की शिकायत पर शुक्रवार रात कोतवाली थाना पुलिस ने आरोपी सद्दी खान के खिलाफ धारा-376 सहित पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
कोतवाली थाना प्रभारी आनंद राज ने बताया कि शुक्रवार रात पीड़ित लड़की के परिजन उसे लेकर थाने आए। उन्होंने बताया कि एक दिन पहले मोहल्ले के सद्दी खान ने लड़की को बहला फुसलाकर नशीले पदार्थ का सेवन कराया और उसके बाद दुराचार की घटना को अंजाम दिया। घटना की एक दिन बाद लड़की ने परिजनों को इस बारे में बताया। इसके बाद उन्होंने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
कोतवाली थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर आरोपी सद्दी खान के खिलाफ धारा-376 सहित पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके घर और रिश्तेदारों के घर दबिश दी गई, लेकिन फिलहाल आरोपी पुलिस गिरफ्त से दूर है। कोतवाली टीआई ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
टीकमगढ़ शहर के सिविल लाइन रोड स्थित होटल व्हाइट हाउस में नाबालिग से दुष्कर्म हुआ।कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मामले में शनिवार को यूपी के महरौनी के रहने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी शादी का झांसा देकर कई साल से नाबालिग के साथ दुष्कर्म कर रहा था।
एसडीओपी राहुल कटरे ने बताया कि शुक्रवार को एक महिला ने अपनी बेटी के साथ कोतवाली थाने पहुंचकर दुराचार की शिकायत दर्ज कराई थी। पूछताछ में लड़की ने बताया कि यूपी के महरौनी का रहने वाला दीपेश सेन पिछले कई साल से उसके साथ शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाता रहा। एक दिन पहले उसने सिविल लाइन रोड स्थित होटल व्हाइट हाउस में बुलाया।
आरोपी ने कमरे में जबरन दुराचार किया। इसके बाद जब लड़की ने शादी करने की बात कही तो वह झांसा देकर भाग निकला। पीड़ित लड़की की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी दीपेश सेन के खिलाफ धारा-376 और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। कोतवाली थाना प्रभारी आनंद राज ने बताया कि आरोपी को यूपी के महरौनी से गिरफ्तार किया गया है। आज आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
कोतवाली थाना प्रभारी ने बताया कि होटल व्हाइट हाउस में पहले भी इस तरह के मामले सामने आ चुके हैं। हिदायत देने के बाद भी होटल संचालक लोगों को रूम देने में लापरवाही बरत रहा है। उन्होंने कहा कि इस मामले में होटल संचालक के खिलाफ भी एक्शन लिया जाएगा।
