Tikamgarh: 5000 के इनामी आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार, नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में चल रहा था फरार
Tikamgarh: टीकमगढ़ जिले के पुलिस थाना दिगौड़ा में एक नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में उत्तर प्रदेश का एक आरोपी जो कई महीनों से फरार चल रहा था, जिसे आज पुलिस टीम के द्वारा गिरफ्तार किया गया है।
विस्तार
टीकमगढ़ पुलिस अधीक्षक के प्रवक्ता रहमान खान ने बुधवार की शाम जानकारी देते हुए बताया कि टीकमगढ़ जिले के पुलिस थाना दिगौड़ा में एक नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में उत्तर प्रदेश का एक आरोपी कई महीनो से फरार चल रहा था। जिस पर टीकमगढ़ पुलिस अधीक्षक रोहित ने 5000 का इनाम घोषित किया था और एक टीम का गठन किया था
पुलिस अधीक्षक के प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी यूपी के ललितपुर के गांव बानपुर का रहने वाला राहुल कुशवाहा है, जिसके ऊपर पुलिस अधीक्षक द्वारा 5000 का इनाम घोषित किया गया था। उन्होंने बताया कि पुलिस को आज दोपहर में सूचना मिली थी कि आरोपी टीकमगढ़ जिले के बिरहा गांव में घूम रहा है। जहां पर पुलिस टीम द्वारा छापामार कार्रवाई की गई, जिसमें आरोपी राहुल कुशवाहा को गिरफ्तार किया गया है।
