मध्यप्रदेश: शिवराज सरकार का फैसला, पुरुषेंद्र कौरव को फिर बनाया प्रदेश का महाधिवक्ता
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मध्यप्रदेश की मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अगुवाई वाली भाजपा सरकार ने एक और बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने वरिष्ठ अधिवक्ता पुरुषेंद्र कौरव को एक बार फिर प्रदेश का महाधिवक्ता नियुक्त किया है। बता दें कि इससे पहले भी शिवराज सिंह चौहान की सरकार के समय में पुरुषेंद्र कौरव को प्रदेश का महाधिवक्ता के तौर पर नियुक्ति दी गई थी।
पहले भी मिली थी महाधिवक्ता की जिम्मेदारी
पुरुषेंद्र कौरव को साल 2017 में भी प्रदेश के महाधिवक्ता की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। उस समय भी शिवराज सिंह चौहान की सरकार ने तत्कालीन एजी रवीश अग्रवाल का इस्तीफा मंजूर करने के बाद कौरव का दिल्ली से वापस बुलाकर यह जिम्मा दिया था। उस समय कौरव ने प्रदेश के 15वें एजी के तौर पर कार्यभार संभाला था। वह सबसे कम उम्र (41 वर्ष) के महाधिवक्ता बने थे।
अतिरिक्त महाधिवक्ता भी रहे हैं कौरव
गौरतलब है कि साल 2009 में कौरव उप महाधिवक्ता के पद पर पदस्थ हुए और वर्ष 2012 से अतिरिक्त महाधिवक्ता के पद पर कार्यरत रहे। उप महाधिवक्ता और अतिरिक्त महाधिवक्ता के पद पर रहते हुए उन्होंने डीमेट सहित व्यापमं के बहुचर्चित मामलों में मप्र शासन की ओर से पैरवी की थी।
इसके बाद प्रदेश सरकार ने उन्हें सुप्रीम कोर्ट में राज्य से संबंधित मामलों की पैरवी के लिए दिल्ली भेज दिया था। परंतु साल 2017 में महाधिवक्ता के पद से रवीश अग्रवाल के इस्तीफा देने के बाद वापस बुला लिया था।
उम्र सबसे कम फिर भी वरिष्ठ थे कौरव
13 मई 2017 को जब कौरव को वरिष्ठ अधिवक्ता बनाया गया तब उनकी उम्र महज 40 साल और कुछ महीने थी। इस तरह वे प्रदेश के सबसे कम उम्र के सीनियर लॉयर बने। इससे पहले भी जब उन्हें वर्ष 2009 में उपमहाधिवक्ता और 2012 में अतिरिक्त महाधिवक्ता बनाया गया, तब भी इन पदों तक पहुंचने वालों में उनकी उम्र सबसे कम ही रही।
11 साल में पाया था मुकाम
वर्ष 2001 में एनईएस लॉ कॉलेज जबलपुर से विधि की पढ़ाई करने के बाद कौरव ने अपने मामा वीरेन्द्र चौधरी के साथ जबलपुर से वकालत प्रारंभ की। उन्होंने वर्ष 2006 में स्वतंत्र वकालत शुरू की और 11 साल में ही इस मुकाम तक पहुंच गए थे।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से रहा जुड़ाव
नरसिंहपुर जिले में गाडरवारा तहसील के ग्राम डोंगरगांव में पुरुषेंद्र कौरव का जन्म 4 अक्तूबर 1976 को हुआ था। छात्र जीवन में कौरव का अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़ाव रहा। वर्ष 2010 में उन्हें एबीवीपी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में विशेष सदस्य आमंत्रित किया गया।
