MP Election: ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कांग्रेस पर साधा निशाना, कहा- मुझसे झूठे प्रमाण पत्र बंटवाए गए
Election in MP 2023: केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने किसानों की कर्ज माफी के मुद्दे पर कांग्रेस को निशाने पर लिया है। ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शिवपुरी जिले की कोलारस विधानसभा क्षेत्र के खरई में आयोजित आमसभा में ये आरोप लगाए।
विस्तार
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे करीब आ रहा है। वैसे-वैसे भाजपा और कांग्रेस के नेता एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगा रहे हैं। इसी कड़ी में शिवपुरी में एक सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की 15 महीने की सरकार में 26 लाख किसानों को झूठे कर्ज माफी के प्रमाण पत्र वितरित किए। इतना ही नहीं मुझसे भी झूठे प्रमाण पत्र वितरित करवाए गए।
उन्होंने राहुल गांधी पर भी बिना नाम लिए निशाना साधते हुए कहा कि, ‘उन्होंने कहा था कि कांग्रेस की सरकार आते ही कर्ज माफ किया जाएगा, लेकिन ये एक सफेद झूठ था। सिंधिया ने कहा कि शिवराज सरकार आई तो ब्याज मुक्त योजना के तहत 11 लाख किसानों का ब्याज माफ किया गया। इस तरह से 2 हजार 300 करोड़ रुपए का ब्याज माफ किया गया है।
जनता से पूछा ऐसी सरकार को गिराना चाहिए कि नहीं-
आमसभा के दौरान केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कांग्रेस की 15 महीने की सरकार को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सीएम को 15 महीने की सरकार में कभी इस इलाके में आते हुए देखा था। 15 महीने के कार्यकाल में बॉलीवुड हीरोइन के साथ केवल कार्यक्रम किए गए, लेकिन जनता की समस्या नहीं देखी।
डबल इंजन की सरकार के फायदे गिनाए
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने खरई की आमसभा में डबल इंजन सरकार के फायदे गिनाए। सिंधिया ने कहा कि डबल इंजन सरकार के कारण मध्य प्रदेश विकास और प्रगति के रास्ते पर आगे बढ़ा है। वर्ष 2003 में मध्य प्रदेश बहुत पीछे था, लेकिन जब से मध्य प्रदेश में भाजपा की सरकार आई है। इसके बाद सड़क, बिजली, सिंचाई, स्वास्थ्य में करोड़ों रुपए के विकास कार्य हुए। आज मप्र में केंद्र व राज्य की डबल इंजन सरकार के कारण मप्र विकास व प्रगति के रास्ते पर आगे बढ़ा है।
